बाढ़ का पानी घटा, मुश्किलें बरकरार
पूरनपुर थाना क्षेत्र के सर्वाधिक कटान और बाढ़ से प्रभावित गांव राणाप्रतापनगर से लोगों का पलायन शुरू हो गया है।
पूरनपुर (पीलीभीत) : थाना क्षेत्र के सर्वाधिक कटान और बाढ़ से प्रभावित गांव राणाप्रतापनगर से बाढ़ का पानी उतर गया है लेकिन ग्रामीणों की मुश्किलें अभी समाप्त नहीं हो सकी हैं। सोमवार को बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री बांटी गई।
बाढ प्रभावित गांव राणाप्रतापनगर में शारदा नदी का जलस्तर कम हो गया है और बाढ का पानी भी उतर रहा है। इसके बाबजूद लोगों की समस्याएं अभी कम नहीं हो सकीं हैं। गांव के रपटा पुल पर अभी भी लगभग एक फिट बाढ़ का पानी बह रहा है। लोगों के घरों में लोप की मिट्टी से कीचड़ बन गया है और सड़ांध से लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। इसके अलावा राणाप्रतापनगर गांव के मजरा राजीवनगर में बाढ़ व बारिश का पानी लोगों के घरों में अभी भी भरा हुआ है। लोग सड़क के किनारे ट्राली पर पन्नी और तिरपाल तानकर मुश्किल से गुजर बसर कर रहे हैं। वहीं पशुओं के चारे के लिए पशुपालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बाढ़ प्रभावित गांव राणाप्रतापनगर में लगभग 60-65 पीड़ित परिवारों को ही राहत सामग्री के तहत दस किलो गेंहू, दस किलो चावल, दो किलो आलू, दो लीटर मिट्टी का तेल दिया गया। सभी लोगों को राहत सामग्री नहीं मिलने से लोगों ने नाराजगी व्यक्त कर शेष बचे लोगों को भी शीघ्र राहत सामग्री वितरण कराने की मांग की है।