पशुशाला में पशुओं को नहीं मिल रहा पर्याप्त चारा
कासिमपुर मार्ग स्थित नगर पालिका परिषद द्वारा संचालित गोशाला में गोवंशीय पशुओं की दिनोंदिन बढ़ती संख्या के कारण पशुओं का गोशाला में अब बांधना भी मुश्किल पड़ रहा है। भरपूर मात्रा में चारा आदि भी मिलना मुश्किल हो रहा है। पशु दिनोंदिन कमजोर होते दिखाई दे रहे हैं।
पीलीभीत, जेएनएन : कासिमपुर मार्ग स्थित नगर पालिका परिषद द्वारा संचालित गोशाला में गोवंशीय पशुओं की दिनोंदिन बढ़ती संख्या के कारण पशुओं का गोशाला में अब बांधना भी मुश्किल पड़ रहा है। भरपूर मात्रा में चारा आदि भी मिलना मुश्किल हो रहा है। पशु दिनोंदिन कमजोर होते दिखाई दे रहे हैं।
रामलीला से कासिमपुर गांव को जाने वाले मार्ग पर लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व शासन के निर्देश के बाद नगर पालिका परिषद के तत्कालीन अधिशासी अधिकारी रविशंकर शुक्ल ने पालिका के अध्यक्ष डा. नूर अहमद अंसारी के नेतृत्व में इस मार्ग पर पड़ी नगर पालिका की भूमि पर गोशाला का निर्माण कराया था। गोशाला में पर्याप्त जमीन होने से इसमे लगभग 80 गोवंशीय पशु बांधे जा सकते हैं, कितु धीरे धीरे गोशाला में इन पशुओं की संख्या बढ़ने से जिनमे गाय, बछड़े, सांड़ समेत 140 पशु हो गए हैं। चारा की व्यवस्था मात्र 80 से 90 जानवरों की ही हो पाती है। ऐसी स्थिति में अन्य जानवरों का थोड़ा-थोड़ा चारा कम करके अन्य जानवरों को खाने को दिया जा रहा है, जिसके चलते गोशाला में रहने वाले जानवर धीरे धीरे कमजोर होते जा रहे हैं। बल्कि हाल ही में एक गाय ने कमजोर होने के बाद बीमारी से अपना दम भी तोड़ दिया। समय रहते यदि पालिका के अधिकारियों ने इस ओर अपना ध्यान आकर्षित नहीं किया तो इसमे रहने वाले पशुओं को भोजन आदि की व्यवस्था आड़े आने लगेगी। पशुशाला के प्रभारी उपेंद्र शंखधार ने बताया कि पालिका के अधिकारियों व चेयरमैन को पशुओं की संख्या बढ़ने के बारे में अवगत करा दिया गया है। शीघ्र ही चारा बढ़ा दिया जाएगा।