भक्तों ने चंद्रघंटा देवी का किया पूजन
चैत्र नवरात्र के तीसरे दिन भक्तों ने मां भगवती के तृतीय स्वरूप चंद्रघंटा देवी की आराधना की। सुबह पूजन के उपरांत सायं को महिलाओं ने मंदिरों पर एकत्र होकर ढोलक की थाप पर छंद गाते हुए देवी मां की महिमा का गुणगान किया।
पीलीभीत : चैत्र नवरात्र के तीसरे दिन भक्तों ने मां भगवती के तृतीय स्वरूप चंद्रघंटा देवी की आराधना की। सुबह पूजन के उपरांत सायं को महिलाओं ने मंदिरों पर एकत्र होकर ढोलक की थाप पर छंद गाते हुए देवी मां की महिमा का गुणगान किया।
सिद्धपीठ यशवंतरी देवी मंदिर मैदान पर शुरू हुए नवरात्र मेले में रौनक बढ़ रही है। बाहर से आने वाले भक्त पहले मंदिर में पूजा-अर्चना करते हैं और फिर मेले का आनंद उठा रहे हैं। सुबह के समय नवरात्र की तृतीया पर तमाम भक्तों ने मंदिर में पहुंचकर पूजन किया। गांवों से आए अनेक लोगों ने मंदिर परिसर में अपने बच्चों के मुंडन संस्कार कराए। निरंजन कुंज कॉलोनी के महा मातेश्वरी मंदिर, गोदावरी इस्टेट कॉलोनी स्थित मां दुर्गा मंदिर में भी अपने भक्तों ने पूजन किया। इन दोनों मंदिरों पर सायं के समय महिलाओं ने एकत्र होकर ढोलक की थाप पर छंद गाते हुए देवी की महिमा का गुणगान किया। पूरे नवरात्र उपवास रखने वाले भक्तों ने सुबह पहले अपने घरों पर पूजन किया और फिर मंदिरों में पहुंचे। सायं को स्नान करने के उपरांत कलश स्थापना वाले स्थान पर देवी मां की आरती उतारी, इसके बाद फलाहार किया।