कोहरा छंटा और धूप खिली, सर्दी से राहत
मौसम - अब बारिश की संभावना नहीं कई दिनों तक सुबह रहेगा कोहरा -वाहन चालकों ने हेडलाइटें जलाकर धीमी गति से तय किया सफर -तापमान में बढ़ोतरी होने के कारण शीतलहर के प्रकोप में कमी फोटो-1
जागरण संवाददाता, पीलीभीत : बारिश का दौर थमते ही कोहरा आ गया। सुबह देर तक कोहरा छाया रहा। ऐसे में सड़कों पर गुजरने वाले वाहनों की रफ्तार थमी रही। चालकों ने वाहनों की हेडलाइटें जला लीं और धीमी गति से चलते रहे। बाद में जब कोहरा छंटा तो अच्छी धूप खिली। लोगों को शीतलहर से राहत मिली है। लोगों ने गुनगुनी धूप का आनंद लिया। मौसम विभाग के अनुसार अब बारिश नहीं होगी बल्कि अगले कई दिन सुबह के समय कोहरा आएगा। हालांकि बाद में अच्छी धूप भी खिलती रहेगी।
शनिवार को तीसरे दिन मौसम का मिजाज फिर बदल गया। आसमान में बादल तो नहीं उमड़े लेकिन कोहरा आ गया। सुबह के समय कोहरा इतना घना रहा कि सड़कों पर ²श्यता काफी कम हो गई। ट्रैफिक की रफ्तार थमी रही। विभिन्न मार्गों पर गुजरने वाले वाहनों की हेडलाइटें जलती रहीं। सुबह नौ बजे कोहरा छंट गया तो धूप खिल उठी। मौसम में बदलाव आने से शीतलहर के प्रकोप में कमी आई है। राजकीय कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. शैलेंद्र सिंह ढाका के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 19.1 डिग्री तथा न्यूनतम 8.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उन्होंने बताया कि अब बारिश का दौर खत्म हो गया है। हालांकि अगले कई दिनों तक सुबह के समय कोहरा आता रहेगा लेकिन बाद में धूप भी खिलती रहेगी। तापमान में बढ़ोतरी हो जाने के कारण जिले में शीतलहर के प्रकोप में काफी कमी आई है। इससे छोटे बच्चों और बुजुर्गों को राहत मिली है। दोपहर में बुजुर्गों ने गुनगुनी धूप का आनंद लिया। सप्ताह के अंतिम दिन मौसम खुशनुमा हो गया है।
-----------