चंदपुरा में खूनी संघर्ष, एक की मौत
चंदपुरा गांव में शुक्रवार शाम को महज बकरी के गंदगी करने की बात पर दो पड़ोसियों के बीच खूनी संघर्ष हो गया।
संवाद सहयोगी, बीसलपुर : चंदपुरा गांव में शुक्रवार शाम को महज बकरी के गंदगी करने की बात पर दो पड़ोसियों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। दोनों तरफ से जमकर लाठी डंडे चले। इसी दौरान एक पक्ष ने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। इससे गांव में तनाव फैला है। पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
वारदात कोतवाली के चंदपुरा गांव में हुई। गांव में इकबाल और जलालुद्दीन के घर अगल-बगल में हैं। इकबाल के घर में बकरियां हैं। शुक्रवार देर शाम इकबाल की कुछ बकरियों ने जलालुद्दीन के घर की तरफ गंदगी कर दी थी। उसके परिजन ने इसका विरोध किया। इसी बात पर झगड़ा शुरू हो गया। नोकझोंक से शुरू हुआ झगड़ा तनिक देर में ही मारपीट में तब्दील हो गया। गांव के ही कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर झगड़ा शांत कराया।
झगड़ा शांत कराने पर रात में फिर भिड़े
रात में फिर जलालुद्दीन अपने बेटे सरफरोज, फिरोज, सैगल और शेर मुहम्मद को साथ लेकर इकबाल के घर पर धावा बोल दिया। घर में घुसकर इकबाल, उसके बेटे कुर्बान यहां तक कि महिलाओं और बच्चों से भी मारपीट की। बचाने पहुंचीं महरुनिशा और बहन काजल बचाने आई तो उन पर भी लाठी और धारदार हथियार से प्रहार किए। महिलाओं से अश्लीलता भी की।
अस्पताल लेकर भागे, नहीं बचा सके जान
हमलावर इतने पर भी नहीं रुके। आरोप है कि लहूलुहान इकबाल और कुर्बान को घर से खींच कर बाहर ले गए। दरवाजे पर धारदार हथियार से फिर दोनों पर हमले किए। दोनों को बेहोशी की हालत में छोड़कर भाग गए। परिजन दोनों को पहले बीसलपुर सीएचसी ले गए। वहां से इन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। देर रात एक बजे इकबाल ने दम तोड़ दिया।
मुख्य आरोपित सहित दो दबोचे, तीन फरार
रात में ही इकबाल के परिजन ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। बीसलपुर पुलिस ने शनिवार तड़के ईदगाह चौराहे के पास मुख्य आरोपित जलालुद्दीन व सरफरोज को गिरफ्तार कर लिया। दोनों बरेली भागने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।