आठ दिन पहले टावर पर चढ़ी थी महिला; अब ससुर और देवरों पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, एसपी ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
पीलीभीत में एक महिला ने अपने ससुर और देवरों पर पति की गैरमौजूदगी में दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक इमेज
HighLights
डीएम और एसपी से शिकायत कर मामले में कार्रवाई की लगाई गुहार
संवाद सहयोगी, बीसलपुर (पीलीभीत)। आठ दिन पूर्व ससुराल पक्ष के विरुद्ध कार्रवाई के लिए टावर पर चढ़ने वाली महिला के विवाद का निस्तारण नहीं हो पाया है। बीसलपुर पुलिस ने मामला बिलसंडा थाने के लिए टरका दिया है। महिला ने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक के समक्ष पेश होकर ससुर व देवरों पर पति की गैर मौजूदगी में दुष्कर्म करने का आरोप लगाया।
दुष्कर्म करने का विरोध करने पर नंगा कर आंगन में घुमाने और कमरे में बंद करके पिटाई करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी लिखाने की गुहार की है। डीएम ने पुलिस अधीक्षक को जांच कराने के निर्देश दिए हैं। एसपी ने महिला को मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया।
पिछले सोमवार को बिलसंडा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता ने ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्यवाही नहीं होने से आहत होकर हंगामा करते हुए जान देने की कोशिश की थी।
एसडीएम नागेंद्र पांडेय, सीओ राहुल पांडेय व प्रभारी निरीक्षक संजीव शुक्ला के प्रयास से महिला को समझाया जा सका था। कोतवाली पुलिस ने मामला बिलसंडा थाना क्षेत्र का होने के कारण महिला को यहां से टरका दिया था।
दो दिन पूर्व महिला ने बिलसंडा थाने में पहुंचकर मुकदमा दर्ज करने को तहरीर दी थी, परंतु पुलिस ने आरोप मनगढ़ंत बताते हुए मुकदमा दर्ज करने से इन्कार कर दिया था। मंगलवार को महिला ने जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह के समक्ष पेश होकर पीड़ा सुनाई थी।
महिला ने आरोप लगाया कि पति की गैर मौजूदगी में ससुर और देवरों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। चार अगस्त को विरोध करने पर कपड़े फाड़कर आंगन में घुमाया। फिर कमरे में बंद कर पिटाई कर जान से मारने की धमकी दी। बीते एक वर्ष से ससुराल पक्ष प्रताड़ित कर रहा है।
उसका जेवर व दहेज का सामान छीन लिया है। डीएम ने पुलिस अधीक्षक को जांच करा कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। महिला बाद में पुलिस अधीक्षक के कार्यालय पहुंची। पुलिस अधीक्षक ने भी महिला की बात सुनकर मुकदमा दर्ज करवाने का आश्वासन दिया।
महिला ने चेतावनी दी कि मुदकमा दर्ज नहीं होने पर वह आत्मघाती कदम उठाएगी। प्रभारी निरीक्षक संजीव शुक्ला ने बताया कि मामला बिलसंडा थाना क्षेत्र का है। वहीं पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- दहेज की बलि चढ़ती उम्मीदें: पीलीभीत में पुलिस की अनदेखी से तंग महिला टावर पर चढ़ी, गले में बांधा फंदा
