विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जान बचाने पर इनाम नहीं, म‍िली नोटिस; टावर पर चढ़ी महिला को सुरक्षित उतारने वाले लाइनमैन से जवाब-तलब

Published: Fri, 14 Aug 2026 07:06 PM (IST)

लाइनमैन प्रमोद कुमार को टावर पर चढ़ी महिला की जान बचाने के बावजूद विभाग से नोटिस मिला है। उन्होंने बिना ...और पढ़ें

बीसलपुर में टावर पर चढ़ने वाला संविदा लाइनमैन प्रमोद कुमार और टावर पर चढ़ने वाली महिला मनीषा

बीसलपुर में टावर पर चढ़ने वाला संविदा लाइनमैन प्रमोद कुमार और टावर पर चढ़ने वाली महिला मनीषा

HighLights

  1. मामला इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आया विभाग

संवाद सहयोगी, बीसलपुर (पीलीभीत)। टावर पर चढ़ी महिला की जान बचाने वाले विद्युत लइनमैन का इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेकर उपखंड अधिकारी ने उसे नोटिस जारी कर मांगा है। दो दिन में जवाब न देने पर संविदा लाइनमैन को कार्यवाही की चेतावनी दी है।

नगर की पटेल नगर कालोनी निवासी मनीषा 11 अगस्त को ससुराल पक्ष के उत्पीड़न से परेशान होकर न्याय पाने के लिए मुहल्ला दुर्गा प्रसाद स्थित टावर पर चढ़ गई थी। उसने आत्महत्या करने के लिए टावर पर दुपट्टे से फंदा बांध लिया था। महिला चार घंटे तक टावर पर खड़ी रही थी।

उसे बचाने के लिए एसडीएम नागेंद्र पांडेय, पुलिस क्षेत्राधिकारी राहुल पांडेय व प्रभारी निरीक्षक संजीव शुक्ला समेत पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची थी। अग्निशमन विभाग की टीम ने टावर पर चढ़ने में असमर्थता जाहिर की थी।

तब विद्युत खंड कार्यालय में तैनात संविदा लाइनमैन प्रमोद कुमार एक साथी के साथ वहां पहुंचे। प्रमोद ने साहस दिखाते हुए टावर पर चढ़कर सेल्फी ली थी। फिर बिना सेफ्टी बेल्ट प्रमोद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लाए थे।

उसके विभागीय अधिकारियों की बिना अनुमति और सेफ्टी बेल्ट के टावर पर चढ़ने व सेल्फी लेने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया था। इसका संज्ञान लेकर विद्युत उपखंड अधिकारी प्रवीण सिंह कनौजिया ने संविदा लाइनमैन को नोटिस जारी किया है।

इसमें पूछा है कि उसने टावर पर चढ़ने के लिए सक्षम अधिकारी से अनुमति क्यों नहीं ली? टावर पर चढ़ते समय सेफ्टी बेल्ट क्यों नहीं लगाई। टावर चढ़ते या उतरते समय महिला के साथ कोई दुर्घटना होने पर जिम्मेदारी किसकी होती? उन्होंने बताया कि लाइनमैन को दो दिन में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें- दहेज की बलि चढ़ती उम्मीदें: पीलीभीत में पुलिस की अनदेखी से तंग महिला टावर पर चढ़ी, गले में बांधा फंदा