बाइफरकेशन का नजारा देख पर्यटक हो जाते मोहित
टाइगर रिजर्व का पर्यटन सीजन शुरू होने में 24 घंटे का समय अब शेष है। टाइगर रिजर्व प्रशासन चूका स्पाट समेत अन्य पर्यटन स्थलों की तैयारियों को लगभग पूरा कर लिया है। चूका स्पाट की तरह बाइफरकेशन का नजारा भी पर्यटकों पर छाप छोड़ता है।
पीलीभीत,जेएनएन : टाइगर रिजर्व का पर्यटन सीजन शुरू होने में 24 घंटे का समय अब शेष है। टाइगर रिजर्व प्रशासन चूका स्पाट समेत अन्य पर्यटन स्थलों की तैयारियों को लगभग पूरा कर लिया है। चूका स्पाट की तरह बाइफरकेशन का नजारा भी पर्यटकों पर छाप छोड़ता है। वहीं सप्त सरोवर भी पर्यटकों को लुभाता है। गोमती नदी का उद्गम स्थल भी देखने योग्य है। इस बार पर्यटन सत्र 15 नवंबर के बजाय एक नवंबर को प्रारंभ किया जा रहा है।
चूका स्पाट को करोड़ों की लागत से नया लुक देने के कार्य जारी हैं। चूका स्पाट पर पर्यटकों की सुविधाओं को बढ़ाने के साथ ही इस साल अन्य कई दर्शनीय स्थलों को भी शामिल किया गया है। पर्यटकों की सुविधा के लिए बुकिग केंद्रों की भी संख्या बढ़ा दी गई हैं। एक नवंबर से पर्यटक बुकिग के अनुसार जंगल के नजारों का जहां लुत्फ उठाएंगे। जंगल में स्वछंद विचरण करने वाले बाघ, भालू, तेंदुआ, सियार तथा बारहसिगा, चीतल. साभर,नीलगाय, पाढा तथा मोर, तीतर समेत तरह तरह के पक्षियों और वन्यजीवों का भी दीदार करेंगे। ब्रिटिशकालीन है बाइफरकेशन
टाइगर रिजर्व के घने जंगल के बीच बाइफरकेशन भी लोगों को खूब पसंद आता है। बाइफरकेशन को नहरों का जंक्शन भी कहा जाता है। अंग्रेजों के शासन में शारदा नदी से एक नहर बनवसा से निकाली गई थी। इसी मेन शारदा कैनाल से बाइफरकेशन में हरदोई ब्रांच, खीरी ब्रांच तथा उनके डैम को पानी पहुंचाने वाली फीडर निकलती हैं। ब्रिटिश समय में यहां बना सिचाई विभाग का गेस्ट हाउस काफी सुंदर है। आए दिन इस गेस्ट हाउस मे अतिविशिष्ट व्यक्ति रात्रि विश्राम को आते हैं। बाइफरकेशन में नहरों का नजारा लोगों को खूब पसंद आता है। यहां पूरे साल लोग सैर को आते हैं। यहां से करीब एक किलोमीटर पूरब दिशा में खारजा नहर के ऊपर से निकली खीरी ब्रांच वाला साइफन और सप्त सरोवर भी मनोरम स्थान हैं। उत्तर दिशा में विशाल शारदा सागर में उठती पानी की लहरें समुद्र जैसा नजारा पेश करती हैं।
---वर्जन---
टाइगर रिजर्व में पर्यटन सीजन एक नवंबर से शुरू हो रहा है। इस दिन दोपहर 12 टाइगर रिजर्व के मुख्यालय स्थित सिग्नेचर गेट पर पर्यटन सत्र का शुभारंभ किया जाएगा। इस बाबत सभी तैयारियां कर ली गई हैं। चूका स्पाट पर अभी कुछ काम बाकी है, जो जल्द पूरा करा दिया जाएगा।
- नवीन खंडेलवाल, प्रभागीय वनाधिकारी पीटीआर