15 फरवरी को लगेगी दूसरी डोज, वैक्सीन के साथ मास्क भी जरूरी
कोविड-19 टीकाकरण की पहली डोज जनपद में सफलतापूर्वक लक्षित स्वास्थ्य कर्मियों को लग गई। इन स्वास्थ्य कर्मियों को दूसरी डोज 15 फरवरी को दी जाएगी। इसके लिए लाभार्थियों के पास निर्धारित कार्यक्रम व स्थान का मैसेज पहुंच जाएगा। वैक्सीन के बाद भी मास्क हाथ धोना व शारीरिक दूरी का पालन करना बहुत आवश्यक होगा।
पीलीभीत,जेएनएन : कोविड-19 टीकाकरण की पहली डोज जनपद में सफलतापूर्वक लक्षित स्वास्थ्य कर्मियों को लग गई। इन स्वास्थ्य कर्मियों को दूसरी डोज 15 फरवरी को दी जाएगी। इसके लिए लाभार्थियों के पास निर्धारित कार्यक्रम व स्थान का मैसेज पहुंच जाएगा। वैक्सीन के बाद भी मास्क, हाथ धोना व शारीरिक दूरी का पालन करना बहुत आवश्यक होगा। यह कोरोना के साथ ही प्रत्येक संक्रामक रोग से व्यक्ति की रक्षा करने में कारगर है। यह कहना है मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सीमा अग्रवाल का। दैनिक जागरण की पहल पर पाठकों के वैक्सीन से संबंधित सवालों का जवाब देते हुए सीएमओ ने कहा कि पूरे जनपद में वैक्सीन लगने के बाद अभी तक कोई साइड इफेक्ट देखने को नहीं मिला है। स्वास्थ्य कर्मियों ने उत्साह, उमंग और जिम्मेदारी के साथ टीकाकरण कार्यक्रम में भाग लिया है। सीएमओ ने अपना टीकाकरण कार्ड दिखाते हुए विश्वास जताया कि देश में कोविशील्ड व कोवैक्सीन से हो रहे टीकाकरण के सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। यह वैक्सीन हम सभी में कोरोना से लड़ने के लिए प्रतिरोधक क्षमता का विकास करेगी।
प्रश्न: वैक्सीन आम नागरिक को कब तक मिलेगी। क्या इसका कोई मूल्य चुकाना होगा।
- सोनू यादव, जौनपुरी अमरिया
उत्तर: वैक्सीन को चरणवार लगवाने के आदेश प्राप्त हुए हुए हैं। पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई जा रही है। आम नागरिक के लिए दिशानिर्देश प्राप्त होते ही सूचित किया जाएगा। वैक्सीन के मूल्य के संबंध में कोई आदेश प्राप्त नहीं हुए हैं।
प्रश्न: पहली डोज लगने के बाद दूसरी डोज कितने दिन बाद लगेगी? क्या रक्तचाप, डायबिटीज, दमा, बुखार वाले लगवा सकते हैं।
- राजू कुमार, रमनगरा
उत्तर: 16 जनवरी को जिन स्वास्थ्य कर्मियों के पहली डोज लगी है, उन्हें दूसरी डोज 15 फरवरी को लगाई जाएगी। बुखार के मरीज, गर्भवती व स्तनपान कराने वाली महिलाओं के वैक्सीन नहीं लगाई गई है। रक्तचाप व डायबिटीज के रोगी वैक्सीन लगवा सकते हैं।
प्रश्न: क्या वैक्सीन सुरक्षित है? इसे लगवाने से कोई साइड इफेक्ट तो नहीं होगा।
- डॉ. प्रशांत यादव, गोदावरी स्टेट
उत्तर: वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। यह आइसीएमआर से प्रमाणित है। देश भर में स्वास्थ्य कर्मियों ने वैक्सीन लगवाई है। अभी तक इसका कोई साइड इफेक्ट नहीं देखा गया है।