यमुना एक्सप्रेस वे पर हादसे में कैंसर पीड़ित महिला की मौत, चार घायल
हादसे में एक महिला की मौत हुई है जबकि चार अन्य लोग घायल है। घायलों का उपचार चल रहा है। आरोपित कैंटर चालक मौके से फरार हो गया उसकी तलाश की जा रही है। अरविद पाठक नॉलेज पार्क कोतवाली प्रभारी --- प्रवीण सिंह
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : यमुना एक्सप्रेस वे के जीरो प्वाइंट पर तेज रफ्तार कार पीछे से कैंटर में जा घुसी। हादसे में कैंसर पीड़ित महिला की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य लोग घायल हो गए। घायल दस मिनट तक एक्सप्रेस वे पर इलाज के लिए तड़पते रहे। वहां मौजूद लोग वीडियो बनाते रहे, लेकिन मदद को आगे नहीं बढ़े। इसी बीच एक कार सवार पांच युवक-युवतियां घायलों के लिए मददगार बनकर आए। उन्होंने चारों घायलों को उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों को रक्त की जरूरत थी तो युवक-युवतियों ने रक्तदान कर उनकी जान बचाई।
मूल रूप से खैर अलीगढ़ के रहने वाला एक परिवार कैंसर पीड़ित महिला लज्जावती के इलाज कराने के लिए कार में सवार होकर दिल्ली जा रहे थे। बुधवार की दोपहर एक बजे के करीब यमुना एक्सप्रेस वे के जीरो प्वाइंट के समीप उनकी कार साइड लेते समय कैंटर में पीछे से घुस गई। हादसे में कैंसर पीड़ित महिला लज्जावती की मौत हो गई। जबकि सुखपाल, अर्जुन, सुंदरी और काजोल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी का कैलाश अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इन्होंने की मदद : यमुना एक्सप्रेस वे पर बुधवार की दोपहर हादसे का शिकार हुए अलीगढ़ के लोगों की मदद के लिए ग्रेटर नोएडा के रहने वाले युवक-युवती आगे आए। एटीएस सोसायटी में रहने वाले सुशांत, ईशा, कोमल, मोहित व साक्षी ने घायलों की मदद की। पांचों ने रक्तदान कर इंसानियत की मिशाल पेश की। डाक्टरों के मुताबिक यदि सही समय पर घायलों को रक्त नहीं मिलता तो कुछ भी हो सकता था। हादसे में एक महिला की मौत हुई है जबकि चार अन्य लोग घायल है। घायलों का उपचार चल रहा है। आरोपित कैंटर चालक मौके से फरार हो गया उसकी तलाश की जा रही है।
अरविद पाठक, नॉलेज पार्क कोतवाली प्रभारी