तीनों तहसील में स्थापित होगी महिला सहायता डेस्क
जागरण संवाददाता ग्रेटर नोएडा प्रदेश में चल रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत जिला प्रशासन ने महिलाओं की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा: प्रदेश में चल रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत जिला प्रशासन ने महिलाओं की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके तहत जिले की तीनों तहसील में महिला सहायता डेस्क स्थापित होगी। ये कार्य माह के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है।
दरअसल, महिलाओं के सम्मान के लिए पूरे प्रदेश में विभिन्न अभियान चल रहे हैं। महिलाओं को बताया जा रहा है कि सरकार पूरी तरह उनके साथ है। उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अलग काउंटर खोले जा रहे हैं। कोतवाली में डेस्क स्थापित है। अब जिला प्रशासन ने भी कदम आगे बढ़ाया है। जिले में सदर , दादरी व जेवर तीन तहसील हैं। अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर तहसील में बड़ी संख्या में महिलाएं आती हैं। कई बार महिलाएं अपनी समस्या पुरुष अधिकारी के सामने सहजता से नहीं रख पातीं। ऐसे में पीड़ित को परेशानी होती है। इसके मद्देनजर महिला सहायता डेस्क स्थापित होगी।
यहां महिला कर्मचारी की ड्यूटी लगेगी। कर्मचारी की कर्तव्य होगा कि वे डेस्क पर आने वाली महिला की पूरी बात सुने और विस्तृत रिपोर्ट तैयार करे। वरिष्ठ अधिकारी समय-समय पर इसकी निगरानी करेंगे। बकौल एडीएम प्रशासन दिवाकर सिंह, महिलाओं की सुविधा के लिए तीनों तहसील में जल्द डेस्क स्थापित होगी। इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।