बेटे को बचाने में महिला तीसरी मंजिल से नीचे गिरी, गंभीर
सेक्टर-119 स्थित एक सोसायटी में रहने वाली महिला शुक्रवार सुबह अनियंत्रित होकर तीसरी मंजिला से नीचे गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गई। वह बालकनी में पालने में सो रहे डेढ़ माह के बेटे को उठाने का प्रयास कर रही थी। तभी वह अनियंत्रित होकर नीचे आ गई। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
जागरण संवाददाता, नोएडा :
सेक्टर-119 स्थित एक सोसायटी में रहने वाली महिला शुक्रवार सुबह अनियंत्रित होकर तीसरी मंजिल से नीचे गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गई। वह बालकनी में पालने में सो रहे डेढ़ माह के बेटे को उठाने का प्रयास कर रही थी। तभी वह अनियंत्रित होकर नीचे आ गई। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
कोतवाली फेस तीन के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने बताया कि घायल महिला सेक्टर-119 में मायके में रहती है। पूछताछ में परिजनों ने बताया है कि सुबह उसका डेढ़ माह का बेटा बालकनी में रखे पालने में सो रहा था। वह उसे उठाने के लिए आई। अचानक बेटा उसके हाथ से छूट कर पालने में ही गिर गया। इससे महिला डर गई और अनियंत्रित होकर बालकनी से नीचे गिर गई। महिला जहां गिरी थी, वहां का फर्श कच्चा है। वहां पौधे लगे हुए और उसमें पानी भरा था। इसलिए महिला को ज्यादा गंभीर चोट नहीं आई।
हालांकि परिजनों ने उसे बेसुध हालत में अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कुछ देर बाद उसे होश आ गया। महिला से पुलिस के साथ डॉक्टर ने भी बात करने की कोशिश की। उसने अपने बयान में बेटे को बचाने के दौरान हादसे का होना बताया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस ने जांच में पाया है कि महिला की एक साल पहले उत्तराखंड के हल्द्वानी निवासी एक डॉक्टर से शादी हुई है। कुछ माह पहले उसका पति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। करीब छह माह से महिला मायके में ही रह रही है। महिला मानसिक रूप से बीमार भी लग रही है। अभी तक परिजनों पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी है। शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।