छह डिग्री पर पहुंचे पारे ने बढ़ाई ठिठुरन
शहर में अब हर रोज ठंड बढ़ रही है। सुबह शाम के अलावा दिन में भी हल्की ठंड है। सोमवार को भी दिन में बादलों की आवाजाही के साथ ठंडी हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी।
जागरण संवाददाता, नोएडा :
शहर में अब हर रोज ठंड बढ़ रही है। सुबह शाम के अलावा दिन में भी हल्की ठंड है। सोमवार को भी दिन में बादलों की आवाजाही के साथ ठंडी हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी। मौसम विज्ञानी के मुताबिक, आगामी दिनों में अभी पारा और गिरेगा। हालांकि सोमवार को दिन में अधिकांश समय धूप खिली रही। घरों से बाहर निकले लोगों ने ठंड का अहसास किया।
न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस के साथ सामान्य से पांच डिग्री कम दर्ज हुआ। वहीं अधिकतम तापमान भी 24.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सामान्य से दो डिग्री कम दर्ज हुआ। नमी का स्तर 55 से 90 फीसद के बीच रहा। भारतीय मौसम विज्ञानी विभाग (आइएमडी) के मुताबिक, सुबह व शाम में ठंड बढ़ने के साथ दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य बना रहेगा। न्यूनतम तापमान सात डिग्री के करीब रहेगा। वहीं स्काइमेट वेदर के मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे भागों पर पहुंच गया है। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी हो रही है। इससे उत्तर भारत के कई इलाके में शीतलहर जारी है। आने वाले दिन में न्यूनतम पारे में भी गिरावट होगी।
हवा फिर हुई बहुत खराब :
सोमवार को हवाओं की दिशा बदलने से प्रदूषण भी बढ़ा दिखा। उत्तर दिशा से चली हवाओं की रफ्तार करीब तीन किलोमीटर प्रतिघंटा रही। गत दिवस के मुकाबले हवा की रफ्तार कम रहने से एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) खराब से बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की ओर से शाम चार बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार, नोएडा में एक्यूआइ-301 और ग्रेटर नोएडा में एक्यूआइ-286 दर्ज हुआ। यह गत दिवस के मुकाबले क्रमश: 28 व 16 अंक अधिक है।