महानगर अध्यक्ष बने तंवर, कई के लिए बना भंवर
लोकेश चौहान नोएडा युवा नेता रामकुमार तंवर का कांग्रेस नोएडा महानगर अध्यक्ष बनना कई क
लोकेश चौहान, नोएडा :
युवा नेता रामकुमार तंवर का कांग्रेस नोएडा महानगर अध्यक्ष बनना कई कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्वयं को नोएडा विधानसभा चुनाव के लिए दावेदार के रूप में प्रस्तुत करने वालों के लिए यह नियुक्ति भंवर बन गई है। इस नियुक्ति से पहले जो कार्यकर्ता व पदाधिकारी शहर की दीवारों से लेकर पोस्टर और बैनर में नजर आ रहे थे, वे अब संगठन की गतिविधियों तक से गायब हो गए हैं। कुछ ऐसा ही सोमवार को हुए स्वागत कार्यक्रम में भी दिखाई दिया। पूर्व महानगर अध्यक्ष सहित कई पदाधिकारी स्वागत कार्यक्रम से दूरी बनाए रहे।
रामकुमार तंवर लंबे समय से पार्टी की प्रत्येक गतिविधियों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते आए हैं। पूर्व में पार्टी संगठन में कोई पद न होने के बावजूद उन्होंने प्रत्येक धरना-प्रदर्शन में अग्रिम भूमिका निभाई। रामकुमार तंवर विधानसभा चुनाव की तैयारियों में भी लगे थे। इससे कांग्रेस के अधिकांश पदाधिकारी और वरिष्ठ नेताओं को उम्मीद नहीं थी कि रामकुमार तंवर को यह जिम्मेदारी दी जा सकती है, लेकिन उन्हें इतनी बढ़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद कई पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के सीने पर सांप लेट गया गया। हालत यह है कि स्वयं को विधानसभा टिकट का दावेदार मानने वाले कई कांग्रेसी इस समय घरों में बंद हो गए हैं। संगठन के कार्यक्रम में शामिल होने से बचने के साथ ही अन्य कार्यक्रमों से भी दूरी बना रहे हैं। वहीं, अब तक बैनर, होर्डिंग और दीवारों के जरिये स्वयं को लोगों की नजर में रखने वाले लोग अब खुद ही लोगों की नजरों से दूर हो रहे हैं। कार्यकर्ताओं में मनभेद का नजारा सोमवार को स्वागत कार्यक्रम में भी साफ दिखाई दिया। पूर्व अध्यक्ष और पदाधिकारियों सहित कांग्रेसियों की लंबी फेहरिस्त है, जो वहां नजर नहीं आए। हालांकि, रामकुमार तंवर इन पूर्व पदाधिकारियों के प्रत्येक कार्यक्रम में शिरकत करते रहे हैं। उसी का इनाम रामकुमार को मिला है। नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष रामकुमार तंवर का कहना है कि इस मामले में पार्टी में कहीं भी मतभेद या मनभेद की स्थिति नहीं है। कुछ पदाधिकारी और कार्यकर्ता स्वागत कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके थे, उन्होंने व्यक्ति रूप से उन्हें बधाई दी है।