नोएडा में स्वाइन फ्लू के 106 नए मामले, CMO ने निजी अस्पतालों को निगरानी के दिए निर्देश
गौतमबुद्ध नगर में स्वाइन फ्लू के 106 नए मरीज मिले हैं, जिससे कुल आंकड़ा 120 हो गया है। स्वास्थ्य विभाग ...और पढ़ें
-1787656080606_m.webp)
नोएडा में मंगलवार को 106 मरीज मिले हैं। AI जनरेटेड
HighLights
गौतमबुद्ध नगर में स्वाइन फ्लू के 106 नए मरीज मिले।
स्वास्थ्य विभाग ने मास्क और दूरी बनाए रखने की अपील की।
सीएमओ ने निजी अस्पतालों को निगरानी के निर्देश दिए।
जागरण संवाददाता, नोएडा। राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ रहे स्वाइन फ्लू के मामलों के बीच गौतमबुद्ध नगर में मंगलवार को 106 मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक 120 मरीजों का आंकड़ा जारी करते हुए लोगों से दो गज की दूरी बनाने और मुंह पर मास्क लगाने की अपील की है। सीएमओ ने प्राइवेट अस्पतालों में मरीजों की निगरानी के लिए टीम को निर्देश जारी किए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने बताया कि जनपद में गाजियाबाद, दिल्ली, हापुड़, मेरठ समेत अन्य जिलों से रोजाना लाखों लोग गौतमबुद्ध नगर में कार्य के लिए आते हैं। एक स्थान से दूसरे स्थान पर आने जाने के दौरान लोगों ने बुखार, खांसी, जुखाम, सिर दर्द, गले में खराश समेत अन्य स्वास्थ्य समस्या होने पर प्राइवेट अस्पतालों में जांच कराई थी, जिनकी एच1एन1 की जांच करने पर रिपोर्ट पाजिटिव आई है। उन्होंने दावा किया कि सभी मरीजों की हालत सामान्य है।
लोगों को दी गई सलाह
वरिष्ठ और विशेषज्ञ चिकित्सक की निगरानी में सभी मरीजों का इलाज चल रहा है। जिला अस्पताल में आनलाइन मेडिसिन विभाग की डॉ. आद्या सिंह का कहना है कि वर्षा होने के बाद मौसम बदलने के साथ लोगों की लापरवाही बढ़ गई है। अधिकांश लोग जुखाम, खांसी के समय या छींकते हुए मुंह पर रुमाल नहीं रखते, जिससे बीमारी के संक्रमण अन्य लोगों को चपेट में ले लेते हैं।
ये हैं लक्षण
यही कारण है कि वायरल संक्रमण के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। बच्चे, बुजुर्ग और पहले से गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों की ओपीडी में संख्या बढ़ रही है। मरीज वायरल संक्रमण के लक्षण जैसे बुखार, सर्दी, खांसी, गले में दर्द और शरीर में कमजोरी की समस्या बताते हैं।
बचाव के लिए वर्षा में भीगने से बचे और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाते समय मास्क लगाएं। यदि किसी व्यक्ति को बुखार दो-तीन दिनों से ज्यादा समय तक रहता है। सांस लेने में तकलीफ हो या पूरे शरीर में कमजोरी महसूस होती रहती तो तुरंत नजदीकी चिकित्सक से संपर्क करें।
सीएमओ ने अपील की कि डाक्टर की सलाह के बिना किसी भी मेडिकल स्टोर से एंटीबायोटिक दवाओं लेकर उनका सेवन बिल्कुल न करें। वायरल बढ़ने पर स्तिथि गंभीर हो सकती है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के बाद नोएडा में स्वाइन फ्लू की दस्तक, 14 मरीजों में H1N1 की पुष्टि होने पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
बचाव के लिए विशेषज्ञों की लोगों से सख्त अपील
- खांसी या छींक आने पर मुंह और नाक को रूमाल या मास्क से ढकें।
- हाथों को साबुन और पानी से बार-बार धोएं।
- बुखार, खांसी या गले में खराश होने पर भीड़ और स्कूल से दूरी रखें।
- घर और कक्षा में हवा का आवागमन बनाए रखें। बंद और भीड़भाड़ वाली जगहों में लंबे समय तक न रहें।
- संक्रमित व्यक्ति के बहुत करीब जाने और उसकी इस्तेमाल की हुई वस्तुओं को साझा न करें।
- बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से किसी बीमारी से पीड़ित लोगों में लक्षण दिखने पर डाक्टर से मिलें।
- एंटीबायोटिक खुद से न लें। एच1एन1 वायरल संक्रमण है। डॉक्टर के कहने पर एंटी वायरल दवा ले सकते हैं।
