जलधारा पर लेजर के जरिए दिखेंगी ऋषि-मुनियों की कथाएं
जागरण संवाददाता नोएडा जंगलों में पेड़ों के नीचे तप करते ऋषि-मुनियों को देखना आज के स
जागरण संवाददाता, नोएडा :
जंगलों में पेड़ों के नीचे तप करते ऋषि-मुनियों को देखना आज के समय में काफी मुश्किल है। इसको आसान बनाने के लिए प्राधिकरण ने तकनीक का सहारा लिया है। पानी की धारा पर तप करते ऋषि व उनकी कथाओं को लेजर के माध्यम से दिखाने की तैयारी चल रही है। इसका एक सेटअप सेक्टर-91 स्थित औषधि पार्क में लगाया जा रहा है। अगले दो सप्ताह में इसे पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद यहां प्रतिदिन लेजर व म्यूजिकल फाउंटेन शो का आयोजन किया जाएगा। बृहस्पतिवार को प्राधिकरण के ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह ने पार्क का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी के निर्देश पर शहर के पार्क को संवारने का काम किया जा रहा है। इसी क्रम में औषधि पार्क में शहर का पहला म्यूजिकल फाउंटेन लेजर शो तैयार करने को उपकरणों की फिटिग का काम किया जा रहा है। दर्शकों के बैठने के लिए पवेलियन की मेंटीनेंस का कार्य किया जा रहा है। पार्क का सुंदरीकरण भी किया जा रहा है। लेजर शो का आयोजन रात में किया जाएगा। कार्य की प्रगति के लिए ओएसडी इंदू प्रकाश सिंह ने पार्क का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि शहर का यह पहला पार्क होगा, जिसमें लेजर शो का आयोजन किया जाएगा। बहरहाल शो निश्शुल्क होगा या शुल्क लगेगा इसको लेकर जल्द ही फैसला लिया जाएगा। सामने की तरफ बैठेंगे लोग
लेजर शो पार्क के बीच में बने ताल पर होगा। इसके लिए ताल पर शो के लिए सेटअप लगाया जा रहा है। यहां बने पवेलियन में 250 से अधिक लोग बैठकर शो का आनंद ले सकेंगे।