विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा वोटर लिस्ट में धांधली का आरोप, सपा महानगर संगठन ने चुनाव आयोग से की शिकायत

Published: Sun, 04 Oct 2026 04:41 PM (IST)

समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर संगठन ने नोएडा विधानसभा की मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों, डुप्लीकेट प्रविष्टियों और पात्र मतदाताओं के नाम काटे जाने का आरोप लगाया है।

HighLights

  1. सपा ने नोएडा मतदाता सूची में डुप्लीकेट प्रविष्टियों का आरोप लगाया।

  2. पात्र मतदाताओं के नाम काटे जाने पर पार्टी ने चिंता जताई।

  3. सपा ने चुनाव आयोग से मामले की निष्पक्ष जांच मांगी।

जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा विधानसभा की मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों, डुप्लीकेट प्रविष्टियों और पात्र मतदाताओं के नाम काटे जाने के मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी नोएडा महानगर संगठन ने मोर्चा खोल दिया है।

सेक्टर-22 स्थित बैंक्विट हाल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने मतदाता सूची में बड़ी संख्या में संदिग्ध प्रविष्टियों के मामले सार्वजनिक किए।

हानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता ने बताया कि संगठन ने इससे पूर्व तीन जून को भी मतदाता सूची में लगभग 25 हजार डुप्लीकेट एवं संदिग्ध मतदाताओं के दस्तावेज सार्वजनिक कर मुख्य चुनाव आयुक्त और जिला निर्वाचन अधिकारी गौतमबुद्ध नगर को शिकायत सौंपी थी।

वहीं, चार माह बीत जाने के बाद भी कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई। हाल ही में किए गए पुनः परीक्षण में लगभग 10 से 15 हजार और ऐसी प्रविष्टियां सामने आई हैं, जिनकी जांच बेहद जरूरी है।

उन्होंने हेमंत और प्रदीप कुमार शर्मा कौशल का उदाहरण देते हुए कहा कि एक ही व्यक्ति के नाम से अलग-अलग ईपीआइसी नंबर दिखाई दे रहे हैं।

विधानसभा अध्यक्ष बबलू चौहान और मीडिया प्रभारी गौरव कुमार यादव ने आरोप लगाया कि स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पार्टी द्वारा निर्वाचन अधिकारियों को सौंपे गए बीएलए (ब्लाक लेवल एजेंट) सूची के सदस्यों के नाम भी मतदाता सूची से गायब मिले हैं।

कई पुराने मतदाता शामिल

इनमें सेक्टर-63 निवासी कुलभूषण शर्मा, सोरखा निवासी सुभाष वर्मा, सर्फाबाद निवासी सतपाल यादव और मोहम्मद इमरान जैसे कई पुराने मतदाता शामिल हैं।

महानगर महासचिव विकास यादव ने नोएडा की खस्ताहाल सड़कों, सीवर व्यवस्था, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं जैसे जनहित के मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया।

इस दौरान मोहम्मद नौशाद, मनोज गोयल, ओमपाल राणा, बिलाल बरनी, रामवीर यादव, बाबूलाल बंसल, लोकेश यादव, कुलभूषण शर्मा, सतपाल यादव, सुभाष वर्मा, रंजन कुमार, सोनू, इमरान, गुड्डू चौधरी, दीपक देशवाल और अनीश सहित समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।