251 किलो गांजे के साथ छह तस्कर गिरफ्तार
जागरण संवाददाता ग्रेटर नोएडा एसटीएफ की टीम ने सूरजपुर कोतवाली पुलिस के साथ मिलकर गांजे की तस्करी करने वाले छह तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से 251 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद किया है। गांजा झारखंड व उड़ीसा से लाया गया था। आरोपितों ने महिद्रा पिकअप में कद्दू के नीचे गांजा छिपाकर रखा था। सभी आरोपित पिछले कई सालों से गांजे की तस्करी कर रहे थे। वे गांजे की आपूर्ति दिल्ली-एनसीआर में करते थे।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा: एसटीएफ की टीम ने सूरजपुर कोतवाली पुलिस के साथ मिलकर गांजे की तस्करी करने वाले छह तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से 251 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद किया है। गांजा झारखंड व उड़ीसा से लाया गया था। आरोपितों ने महिद्रा पिकअप में कद्दू के नीचे गांजा छिपाकर रखा था। सभी आरोपित पिछले कई सालों से गांजे की तस्करी कर रहे थे। वे गांजे की आपूर्ति दिल्ली-एनसीआर में करते थे।
अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ राजकुमार मिश्रा ने बताया कि सूचना मिली थी कि लखनऊ के रास्ते गांजा लेकर तस्कर गौतमबुद्ध नगर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर आरोपितों को पकड़ा गया। बताया गया कि अलीगढ़ व आगरा में भी गांजे की आपूर्ति की जाती थी। गिरफ्तार तस्करों की पहचान गाजियाबाद निवासी फिरोज खान, हरियाणा के सोनीपत निवासी अमित, बांदा निवासी जितेंद्र, बांदा निवासी महेश, सोनीपत निवासी सचिन व सोनू के रूप में हुई है। आरोपितों के पास से गांजा के साथ ही महिद्रा पिकअप गाड़ी, स्विफ्ट कार, तीन मोबाइल फोन, तीन आधार कार्ड व एक ड्राइविग लाइसेंस बरामद किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त फिरोज खान ने बताया कि वह गाजियाबाद में सब्जी बेचने का काम करता है। उसकी मौसी का लड़का सद्दीक उर्फ गुड्डू बांदा में गांजा तस्करी का काम करता था। वर्तमान में वह छत्तीसगढ़ की जेल में बंद है। उसी के संपर्क में आकर तस्करी शुरू की थी। लगभग तीन साल पहले आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से गांजा लाकर तस्करी शुरू की थी। कुछ माल गाजियाबाद में भी बेचा गया था। इसमें अच्छा फायदा हुआ था। उसके बाद से उड़ीसा व आंध्र प्रदेश से गांजा लाकर बेच रहा था। दो से ढ़ाई हजार रुपये प्रति किलो गांजा लाकर दिल्ली-एनसीआर में दस से पंद्रह हजार रुपये किलो के हिसाब से बेच रहे थे। वर्तमान में उड़ीसा निवासी प्रमोद ठाकुर के साथ मिलकर झारखंड व उड़ीसा से गांजा लाकर बेचता था।