कवि सम्मेलन में बहनों ने भाइयों को दी रक्षाबंधन की बधाई
जागरण संवाददाता नोएडा रक्षाबंधन के त्योहार पर कोरोना के संकट में अपने घर नहीं जा सकी बहनों के लिए अचीवर्स जंक्शन की ओर से रक्षाबंधन पर ऑनलाइन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें फेसबुक और यूट्यूब लाइव के जरिये जुड़कर रक्षाबंधन पर कविताएं सुनीं और भोजपुरी गीतों को सुना।
जागरण संवाददाता, नोएडा : रक्षाबंधन के त्योहार पर कोरोना के संकट में अपने घर नहीं जा सकी बहनों के लिए अचीवर्स जंक्शन की ओर से रक्षाबंधन पर ऑनलाइन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें फेसबुक और यूट्यूब लाइव के जरिये जुड़कर रक्षाबंधन पर कविताएं सुनीं और भोजपुरी गीतों को सुना।
कार्यक्रम के संयोजक व भोजपुरी संगीतकार मनोज भावुक ने कहा कि कोरोना के कारण कहीं बहनें तो कहीं भाई रक्षाबंधन पर अपने घर नहीं जा सके। ऐसे में घर से दूरी महसूस न करें, इसलिए रक्षाबंधन पर विशेष भोजपुरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भोजपुरी डायरी में भारतीय सिनेमा में बनी रक्षाबंधन त्योहार और भाई-बहनों के प्यार पर बनी फिल्मों पर चर्चा हुई। इसके बाद गायकों ने रक्षाबंधन से संबंधित गीत प्रस्तुत किए। साथ ही भोजपुरी लोक गीतों का भी आनंद लिया। इसमें काजोल कुमारी, ओशहिन दुबे, अंजु यादव, समिष्ठा घोष, मनीषा श्रीवास्तव और अरुण तिवारी ने अपने गीतों से सभी का मन मोह लिया।
रक्षाबंधन पर भाइयों के लिए बहनों के संदेश पर कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें कवयित्री डॉ. रमा सिंह ने कवि सम्मेलन की अध्यक्षता की। डॉ. सीता सागर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं और अपनी पंक्तियों में भाइयों के लिए बहनों के प्रेम को दर्शाया। इस मौके पर कानपुर से डॉ. भावना तिवारी, सिंगरौली से डॉ. विजय लक्ष्मी शुक्ला, मेरठ से डॉ. यास्मीन मूमल, देवरिया से गुनगुन गुप्ता, आगरा से ममता वाणी और अलीगढ़ से ममता वाष्र्णेय ने जुड़कर रक्षाबंधन के त्योहार पर कविताएं प्रस्तुत और परिवार के कई प्यार भरे रिश्तों पर पंक्तियां पेश कीं।