नोएडा पहुंचे संजय सिंह ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर साधा निशाना
जागरण संवाददाता नोएडा आम आदमी पार्टी (आप) के उत्तर प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सदस्य संजय सि
जागरण संवाददाता, नोएडा : आम आदमी पार्टी (आप) के उत्तर प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह शुक्रवार को नोएडा पहुंचे। उन्होंने किसानों, महिलाओं व रोजगार जैसे मुद्दे पर केंद्र व प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रदेश सरका पर जाति व समुदाय विशेष के लोगों से भेदभाव करने का आरोप लगाया।
संजय सिंह दोपहर करीब तीन बजे दिल्ली के रास्ते नोएडा सेक्टर-18 स्थित आप कार्यालय पहुंचे और पदाधिकारियों के साथ संगठन विस्तार को लेकर बैठक की। यहां से वह सेक्टर-49 स्थित बरौला गांव पहुंचे। किसान यूनियन लोक शक्ति के महानगर अध्यक्ष राजेश उपाध्याय से मुलाकात की। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि योगी सरकार बड़े-बड़े वादों की घोषणा कर सरकार में आई थी लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। आम आदमी पार्टी किसान बिल और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जो संसद के तीनों सदनों से किसान विरोधी बिल पास कराए हैं, इससे सबसे ज्यादा फायदा बिचौलियों को होगा। क्योंकि इस बिल में असीमित भंडारण करने की व्यवस्था की गई। यह लोग किसानों से सस्ते मूल्य पर अनाज का भंडारण कर फिर उसे महंगे दामों पर बेचेंगे। इस मौके पर कई लोगों ने आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता भी ग्रहण की है। इस मौके पर आप प्रदेश उपाध्यक्ष सोमेंद्र ढाका, जिला प्रभारी विकास शर्मा, प्रदेश सचिव अंकुश चौधरी, जिला अध्यक्ष भूपेंद्र जादौन, फैसल वारसी, नवाज सोनी, नितिन त्यागी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।