विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रेटर नोएडा के लिए बड़ी खुशखबरी, मदरसन कंपनी करेगी ₹3500 करोड़ का निवेश; 20 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार

Published: Fri, 23 Oct 2026 07:01 PM (IST)Updated: Fri, 23 Oct 2026 07:37 PM (IST)

यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में संवर्धना मदरसन इंटरनेशनल लि. को 150 एकड़ जमीन आवंटन के लिए आशय पत्र जारी किया गया है।

आशय पत्र जारी।

आशय पत्र जारी।

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में औद्योगिक निवेश के लिए शुक्रवार को संवर्धना मदरसन इंटरनेशनल लि. को आशय पत्र जारी किया गया।

यह आशय पत्र कंपनी को सेक्टर छह व सात में 150 एकड़ जमीन आवंटन के लिए जारी किया गया है। कंपनी तकरीबन साढ़े तीन हजार करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इससे 20 हजार लोगों के लिए अगले पांच साल में रोजगार सृजन होगा।

प्राधिकरण सीईओ राकेश कुमार सिंह व एसीईओ मनीष मीणा ने कंपनी के अधिकारी को आशय पत्र सौंपा। कंपनी यीडा क्षेत्र में ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए कलपुर्जों का विनिर्माण करेगी।

कंपनी में क्या बनेगा?

इसमें वायरिंग हार्नेस, पीवीसी इंसुलेटेड वायर, बाहरी रियर-व्यू मिरर, वाहनों के आंतरिक एवं बाहरी मिरर सिस्टम, आटोमोटिव लाइटिंग सिस्टम, कटिंग टूल्स, एयरोस्पेस कंपोनेंट्स, इंजेक्शन मोल्डिंग, उन्नत टूलिंग साल्यूशंस, एग्जास्ट सिस्टम आदि शामिल हैं।

इस परियोजना को एक एकीकृत विनिर्माण इकोसिस्टम के रूप में विकसित करने की कंपनी की योजना है। इसके तहत डिजाइन, प्रिसिजन टूलिंग, कलपुर्जों का विनिर्माण, सब-असेंबली, अंतिम असेंबली तथा परीक्षण के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा विकसित किया जाएगा।

अगले पांच साल में मिलेंगे 20000 रोजगार

यीडा सीईओ राकेश कुमार सिंह का कहना है कि कंपनी की ओर से दिए गए निवेश प्रस्ताव के तहत कंपनी अपनी समूह कंपनियों के साथ मिलकर लगभग 3,491 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इसके जरिये अगले पांच वर्षों की अवधि में लगभग 15,000 से 20,000 लोगों के लिए रोजगार सृजित होगा।