नवरात्र के पहले दिन से उत्तराखंड के लिए रोडवेज बसें शुरू
करीब सात महीने बाद नवरात्र के पहले दिन यानी आज से उत्तराखंड के लिए रोडवेज बसों की सेवा शुरू हो रही है।
जासं, नोएडा :
करीब सात महीने बाद नवरात्र के पहले दिन यानी आज से उत्तराखंड के लिए रोडवेज बसों की सेवा शुरू हो रही है। जिले के निवासियों को सेक्टर 35 स्थित नोएडा डिपो से देहरादून, हरिद्वार व कोटद्वार के लिए बसें मिलेंगी। अब तक उत्तराखंड जाने के लिए लोगों को उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड सीमा तक बस सेवा मिलती थी। पिछले एक महीने से उत्तराखंड के लिए बसें चलाने की कवायद हो रही थी, जो अनलॉक-5 में पूरी हुई।
एआरएम आरके त्रिपाठी ने बताया कि पिछले एक महीने से उत्तराखंड जाने के लिए सवारियों की संख्या बढ़ गई थी। नोएडा में उत्तराखंड के काफी लोग रहते हैं। कोरोना से पहले प्रतिदिन करीब ढाई हजार यात्री नोएडा डिपो से उत्तराखंड जाते थे। शनिवार को नवरात्र के पहले दिन से सुबह 6:15 बजे से बसें चलनी शुरू होंगी। कोटद्वार के लिए वाया मोहन नगर बस सुबह 7:30 मिनट पर चलेगी। इसका कोटद्वार तक का किराया 252 रुपये है। ये बस नोएडा के लिए वहां से दोपहर ढाई बजे चलेगी। दूसरी बस नोएडा से दोपहर ढाई बजे चलेगी, जो वहां से शाम छह बजे से चलेगी।
हरिद्वार के लिए भी दो बसें चलेंगी। इनका एक तरफ का प्रति व्यक्ति किराया 268 रुपये है। नोएडा डिपो से पहली बस सुबह 6:30 और दूसरी बस शाम 6:30 बजे चलेगी। वहीं हरिद्वार से दोपहर 1:15 बजे और सुबह 7:30 बजे, देहरादून के लिए सुबह 7:30 बजे और देहरादून से नोएडा के लिए दोपहर 2:30 बजे बस चलेगी। इसका प्रति व्यक्ति किराया 315 रुपये है।