ग्रेनो वेस्ट के 32 सेक्टरों की रजिस्ट्री ने बढ़ाया दादरी का राजस्व
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 32 सेक्टरों की रजिस्ट्री दादरी उपनिबंधक कार्यालय में शिफ्ट होने के बाद से दादरी कार्यालय में रजिस्ट्री की संख्या तीन गुना बढ़ गई है। वहीं ग्रेटर नोएडा सेक्टर-गामा स्थित सदर उप निबंधक कार्यालय में रजिस्ट्री की संख्या में कमी आने लगी है।
जागरण संवाददाता, नोएडा :
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 32 सेक्टरों की रजिस्ट्री दादरी उपनिबंधक कार्यालय में शिफ्ट होने के बाद से दादरी कार्यालय में रजिस्ट्री की संख्या तीन गुना बढ़ गई है। वहीं ग्रेटर नोएडा सेक्टर-गामा स्थित सदर उप निबंधक कार्यालय में रजिस्ट्री की संख्या में कमी आने लगी है। दादरी में सदर क्षेत्र का 40 फीसद इलाका शिफ्ट होने से भी राजस्व बढ़ा है। पिछले दो महीने में दादरी उपनिबंधक कार्यालय को करीब 75 करोड़ राजस्व मिला है, जो पहले 50 करोड़ के करीब था।
सितंबर में ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 32 सेक्टरों की रजिस्ट्री ग्रेटर नोएडा के गामा स्थित सदर कार्यालय से दादरी तहसील स्थित दादरी उपनिबंधन कार्यालय में कर दिया था। दरअसल, दादरी व ग्रेटर नोएडा उप-निबंधन के कार्यक्षेत्र को लेकर काफी दिनों से विवाद था। ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र के गांवों की रजिस्ट्री दादरी में, जबकि ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र की सोसायटियों की रजिस्ट्री सदर में होती थी।
निबंधन विभाग के अधिनियम के तहत एक ही अधिकार क्षेत्र की संपत्तियों की दो स्थानों पर रजिस्ट्री नहीं हो सकती। शिकायत पर सहायक महानिरीक्षक ने अधिनियम-1908 की धारा-28 के प्रतिकूल करार देकर सुधार का आदेश दिया था। इसके बाद से दादरी में रजिस्ट्री की संख्या तीन गुना से अधिक बढ़ गई। बकौल उप निबंधक दादरी पीके अस्थाना, पहले 60 रजिस्ट्री प्रतिदिन होती थी। अब 200 के करीब है। पिछले दिनों 320 के करीब रजिस्ट्री एक दिन में हुई थी।