खुले आसमान के नीचे सर्द रात गुजारने से बीमार हो रहे गोवंश
मौजूद सर्द हवाओं के साथ बढ़ती ठंड के बीच बेसहारा पशु खुले आसमान के नीचे रात गुजारते हुए बीमार पड़ रहे हैं। वहीं प्रशासन इनकी सुध लेना भूल गया है।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा :
मौजूद सर्द हवाओं के साथ बढ़ती ठंड के बीच बेसहारा पशु खुले आसमान के नीचे रात गुजारते हुए बीमार पड़ रहे हैं। वहीं प्रशासन इनकी सुध लेना भूल गया है। शहर में कई हजार बेसहारा गोवंश की रात खुले आसमान के नीचे बीत रही है। ऐसा तब है, जब इन दिनों रात में न्यूनतम पारा 15 से 20 डिग्री तक पहुंच चुका है। सेक्टर व सोसायटियों के आसपास गोवंश बीमार होने लगे हैं। लोग इसकी शिकायत ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण व जिला प्रशासन से भी कर रहे हैं, लेकिन अधिकारी मूकदर्शक बने हैं।
ज्यादातर पशुओं ने सेक्टर के पार्क, ग्रीन बेल्ट के साथ-साथ सोसायटियों के आसपास खाली जमीन को अपना बसेरा बनाया हुआ है। निवासियों की मानें, तो सर्दी का मौसम शुरू होते ही पशु बीमार पड़ने लगे हैं। कई पशु तो ऐसे हैं, जिन्होंने चारा खाना भी छोड़ दिया है। इसकी सूचना ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, जिला प्रशासन व पशुपालन विभाग के अधिकारियों को दी जाती है। तत्काल उपचार देने व पशुओं को संरक्षित करने का आश्वासन भी मिलता है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती। तीन लाख 68 हजार है जिले में पशुओं की संख्या
वर्ष 2012 की जनगणना के मुताबिक, जिले में कुल तीन लाख 68 हजार 466 गोवंश व महिषवंशी पशु हैं। जिले में कितने बेसहारा पशु हैं, इसकी कोई सटीक जानकारी विभाग के पास नहीं है। वर्जन..
बेसहारा पशुओं ने सेक्टर के पार्क को अपना बसेरा बना रखा है। यहां उनकी रात खुले आसमान के नीचे कटती है। सर्दी का मौसम शुरू है और पारा लगातार गिर रहा है। कई गोवंश बीमार है। इन्हें उपचार की सख्त जरूरत है।
-मेजर भाटी, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष, सेक्टर पीथ्री यदि कोई पशु बीमार है, तो इसकी जानकारी दी जाए। सूचना मिलते ही तत्काल उपचार कराया जाएगा। पशुओं को बेसहारा छोड़ने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
-वीरेंद्र श्रीवास्तव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, गौतमबुद्धनगर