चार बच्चों की मां से दुष्कर्म, आरोपित गिरफ्तार
ईकोटेक तीन कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक गांव में रहने वाली 32 वर्षीय महिला से पड़ोस में रहने वाले युवक ने दुष्कर्म किया।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : ईकोटेक तीन कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक गांव में रहने वाली 32 वर्षीय महिला से पड़ोस में रहने वाले युवक ने दुष्कर्म किया। आरोप है कि आरोपित पहले भी महिला के साथ दुष्कर्म कर चुका है। महिला ने आत्महत्या का प्रयास भी किया था। मामला परिजन को पता चलने पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपित दीपक निवासी गांव वैदपुरा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, वहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
ईकोटेक तीन कोतवाली प्रभारी राजपाल तोमर ने बताया कि रविवार रात महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि पड़ोस में रहने वाला युवक दीपक उसके साथ कई बार दुष्कर्म कर चुका है। उसके मना करने पर आरोपित उसे जान से मारने की धमकी देता है। बीते 29 जुलाई को बाजार में महिला के साथ आरोपित ने मारपीट भी की थी। महिला शादीशुदा है और उसके चार बच्चे हैं। आरोप है कि रविवार रात आरोपित महिला के पति की अनुपस्थिति में उसके घर पहुंचा और महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया। फिर वहां से फरार हो गया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर सोमवार सुबह आरोपित दीपक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच के दौरान पता चला है कि आरोपित मौका पाकर महिला के घर में घुस जाता था और उसके साथ दुष्कर्म करता था।