विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर रानद की रणनीति होगी तय, 16 अगस्त को नोएडा में जुटेंगे नेता

Published: Fri, 14 Aug 2026 04:13 PM (IST)

राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल (रानद) 2027 के यूपी विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुट गया है, जिसकी रणनीति बनाने के लिए 16 अगस्त को नोएडा में प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक होगी।

राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल (रानद) 2027 के यूपी विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुट गया है

राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल (रानद) 2027 के यूपी विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुट गया है

HighLights

  1. रानद की 16 अगस्त को नोएडा में समीक्षा बैठक।

  2. 2027 यूपी विधानसभा चुनावों की रणनीति पर होगा मंथन।

  3. संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान पर जोर देगी पार्टी।

जागरण संवाददाता, नोएडा। उत्तर प्रदेश की राजनीति में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों की आहट के साथ राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल (रानद) की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक आगामी 16 अगस्त को नोएडा में होने जा रही है।

यह बैठक महज संगठनात्मक समीक्षा नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की आगामी राजनीतिक दिशा और रणनीति को धार देने के प्रयास के रूप में देखी जा रही है। उत्तर प्रदेश जैसे विशाल और राजनीतिक रूप से निर्णायक राज्य में किसी भी राजनीतिक दल के लिए चुनावी सफलता का पहला आधार मजबूत संगठन होता है।

रानद भी अब इसी दिशा में अपने संगठन को गांव, विधानसभा और जनपद स्तर तक विस्तार देने की रणनीति पर आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है। पार्टी का “चलो गांव की ओर” सदस्यता अभियान इसी व्यापक संगठन विस्तार का हिस्सा है।

रानद की रणनीति का केंद्र केवल शहरों तक सीमित राजनीतिक गतिविधियां नहीं, बल्कि गांवों और स्थानीय स्तर पर सीधे जनता के बीच पहुंच बनाना है। पार्टी द्वारा प्रत्येक जनपद में बड़े पैमाने पर सदस्यता अभियान चलाने का लक्ष्य इसी सोच को दर्शाता है। रानद सुप्रीमो श्रीकान्त त्यागी की सक्रियता और उनके लगातार जनसंपर्क को पार्टी के विस्तार अभियान की महत्वपूर्ण ताकत के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी को उत्तर प्रदेश में लगातार व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग उसके साथ जुड़ रहे हैं।

राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल जनता और कार्यकर्ताओं के बीच अपनी मौजूदगी को और मजबूत करने की तैयारी में है। 16 अगस्त की बैठक में लिए जाने वाले निर्णय आने वाले महीनों में रानद की राजनीतिक दिशा स्पष्ट कर सकते हैं। 2027 के चुनाव में रानद कितनी राजनीतिक जमीन तैयार कर पाएगा, इसका जवाब आने वाले समय में मिलेगा, लेकिन इतना स्पष्ट है कि पार्टी अब संगठन विस्तार से आगे बढ़कर चुनावी मैदान में अपनी भूमिका तय करने की तैयारी में जुट गई है।