विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा में राधाष्टमी पर मंदिरों में राधा जयकारे, भक्तिमय कार्यक्रमों से शहर सराबोर

Published: Sat, 19 Sep 2026 06:51 PM (IST)

राधाष्टमी के अवसर पर नोएडा के मंदिरों और सामुदायिक केंद्रों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। इस दौरान राधा-कृष्ण ...और पढ़ें

HighLights

  1. नोएडा के मंदिरों और सामुदायिक केंद्रों में राधाष्टमी धूमधाम से मनाई गई।

  2. इस्कॉन नोएडा में राधा-कृष्ण का विशेष अभिषेक और दिव्य कथा का आयोजन हुआ।

  3. भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और महाआरती में श्रद्धालुओं ने उत्साह से भाग लिया।

जागरण संवाददाता, नोएडा। राधाष्टमी के अवसर पर शनिवार को शहर के विभिन्न मंदिरों और सामुदायिक केंद्रों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला।

कहीं राधा-कृष्ण का विशेष अभिषेक हुआ तो कहीं भजन-कीर्तन, कथा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और महाआरती के आयोजन किए गए।

मंदिरों में श्रद्धालुओं ने राधारानी के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। जगह-जगह प्रसाद वितरण भी किया गया। मंदिरों के विशेष लाइटों और देशी विदेशी फूलों से सजाया गया।

सेक्टर-33 स्थित इस्कान नोएडा मंदिर में राधाष्टमी का मुख्य आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। मंदिर को रंग-बिरंगे और सुगंधित फूलों से सजाया गया था।

सुबह 10 बजे से शुरू हुए कार्यक्रम में भजन-कीर्तन के बीच श्री श्री राधा-कृष्ण की युगल जोड़ी का पंचगव्य और पुष्पों से विशेष अभिषेक किया गया।

वृंदावन से आए व्रज विलास प्रभुजी ने श्रीराधा की दिव्य लीलाओं पर कथा सुनाई। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव में डूबे नजर आए। इस अवसर पर भगवान को 250 से अधिक देसी-विदेशी व्यंजनों का भोग लगाया गया।

तीन हजार श्रद्धालुओं ने लिया कार्यक्रम में भाग

कार्यक्रम के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर के अनुसार, करीब तीन हजार श्रद्धालुओं ने आयोजन में भाग लिया।

सेक्टर 151 मंदिर की ओर से सेक्टर-149 स्थित गणेशवरा वेंकटवट हाल में भी राधाष्टमी कार्यक्रम आयोजित किया गया। शाम पांच बजे राधा-कृष्ण हरि संकीर्तन से कार्यक्रम की शुरुआत हुई।

इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम और शाम सात बजे कथा का आयोजन हुआ। रात आठ बजे राधा-कृष्ण का अभिषेक किया गया। इसके बाद 56 भोग अर्पित किया गया और केक काटकर उत्सव मनाया गया।

सेक्टर-34 के सामुदायिक केंद्र में आरडब्ल्यूए की ओर से श्री राधाष्टमी जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन में हिस्सा लिया। इसके बाद महाआरती और प्रसाद वितरण हुआ।

 

सेक्टर-20 स्थित श्री हनुमान मंदिर में राधारानी का आकर्षक दिव्य दरबार सजाया गया। यहां राधारानी के दर्शन के साथ भजन-कीर्तन हुआ।

बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए। सेक्टर-105 स्थित श्री कल्याण सुंदरम शिव मंदिर में भी आरडब्ल्यूए की ओर से राधाष्टमी का आयोजन किया गया।

वहीं सेक्टर-56 के लक्ष्मीनारायण मंदिर में भी राधाष्टमी पर विशेष कार्यक्रम हुआ। पूरे शहर में आयोजित इन कार्यक्रमों में भक्ति संगीत, राधा-कृष्ण के जयकारों और धार्मिक अनुष्ठानों से वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया। श्रद्धालुओं ने राधारानी के प्रेम, करुणा और भक्ति भाव को स्मरण करते हुए उत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लिया।