बहना का प्यार करेगा कोरोना पर वार
मनीष तिवारी ग्रेटर नोएडा रक्षाबंधन पर इस बार भाई की कलाई पर प्यार के रूप में कोरोना संक्रमण से सुरक्षा का कवच (मास्क) राखी की डोर में बंधेगा। विश्व में फैल रहे संक्रमण के दौर में बहनों के समूह ने राखी रूपी मास्क को विशेष रूप से तैयार किया है।
मनीष तिवारी, ग्रेटर नोएडा
रक्षाबंधन पर इस बार भाई की कलाई पर प्यार के रूप में कोरोना संक्रमण से सुरक्षा का कवच (मास्क) राखी की डोर में बंधेगा। विश्व में फैल रहे संक्रमण के दौर में बहनों के समूह ने राखी रूपी मास्क को विशेष रूप से तैयार किया है। खोलने पर राखी मास्क का रूप ले लेगी। खादी के कपड़े से तैयार राखी को धोकर लंबे समय तक मास्क के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। राखी की बिक्री सोशल साइट्स के माध्यम से की जा रही है। एक पंथ दो काज के रूप में महिला समूह की ओर से तैयार राखी लोग को काफी पसंद आ रही है।
भाई-बहन के प्यार का अटूट रिश्ता है रक्षाबंधन। प्यार के इस त्योहार का दोनों को बेसब्री से इंतजार होता है। भाई की कलाई पर राखी बांधकर बहनें सुरक्षा का वचन लेती हैं, साथ ही उपहार भी। इस बार त्योहार भी संक्रमण की गिरफ्त में है। ऐसे में सुरक्षा पहली शर्त है। अमूमन देखने में आता है कि बहना के प्यार के रूप में भाई की कलाई पर सजने वाली महंगी राखी कुछ दिनों में उतर जाती है, जिसके बाद वह इधर-उधर पड़ी रहती है। पहली बार त्योहार पर बहनें भाई से उपहार तो लेंगी, साथ ही हाथ के हाथ उपहार देंगी भी। यह उपहार मास्क रूपी राखी के रूप में होगा।
विकास विश्रांति संस्था की ओर से अपना स्कूल नाम से गरीब परिवार के बच्चों के लिए स्कूल का संचालन कर निश्शुल्क शिक्षा दी जाती है। यहां पर 600 से अधिक बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। साथ ही बच्चों को सिलाई, कढ़ाई, पेंटिग, क्राफ्ट कला का प्रशिक्षण भी दिया जाता है। प्रशिक्षण देने वाली महिलाओं बीना, सरिता, सोनिया, जेबा, स्नेहा, सीमा व संगीता ने संक्रमण सुरक्षा राखी तैयार की है। इसे रंग-बिरंग कपड़े से तैयार किया गया है। कपड़े से मास्क बनाकर उसे फोल्ड कर राखी का रूप दिया गया है। इसके लिए मास्क के दोनों कोने पर धागे का टांका, हुक या चिट बटन लगाया गया है। आकर्षक बनाने के लिए ऊपरी हिस्से पर मोतियों की सजावट की गई है। रक्षाबंधन के बाद भाई जब चाहेंगे दोनों कोने पर बंधे धागे का टांका या बटन खोल व ऊपर लगे मोतियों को हटाकर उसे मास्क के रूप में उपयोग कर सकेंगे। आम के आम गुठलियों के दाम वाली यह राखी खरीदारों को खूब पसंद आ रही है। महिलाओं का कहना है कि कोरोना काल में अपनों की जिंदगी बचाना सबसे जरूरी है। बहनें हमेशा अपने भाइयों की सुरक्षा को लेकर फिक्रमंद रहती हैं। रक्षाबंधन पर बहनें राखी के रूप में भाई को प्यार के साथ उसे सुरक्षित भी बनाएं, इसी सोच के साथ यह राखी तैयार की गई है।
संक्रमण को देखते हुए विशेष राखी तैयार की गई है। लोग को यह काफी पसंद आ रही है। राखी रूपी मास्क भाइयों को लंबे समय तक कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रखेगा।
आरके ऊषा, अध्यक्ष विकास विश्रांति ट्रस्ट