पुलिस टीम पर पथराव कर आरोपियों को छुड़ाया, 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस के मुताबिक दोनों भाइयों ने अपनी पत्नियों को बिना तलाक दिए दूसरी शादी कर ली। न्यायालय ने दोनों बहनों व उनके बच्चों के खर्च की रकम आरोपियों से वसूलने के आदेश दिए थे।
नोएडा/दादरी, जेएनएन। दादरी के नई आबादी मोहल्ले में वांछित आरोपियों को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर उनके परिजन ने ईंट पत्थरों से हमला कर दिया। परिजनों के हमले से पुलिस टीम को जान बचाकर भागना पड़ा। बाद में कोतवाली प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ दोबारा नई आबादी पहुंचे। तब तक दोनों आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। पुलिस ने पथराव में शामिल 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वांछित दोनों आरोपियों की पुलिस टीम तलाश कर रही है।
पुलिस ने बताया कि दादरी के नई आबादी निवासी दो भाई शाहिद व शहजाद की शादी दस वर्ष पहले छौलस गांव निवासी दो बहनों से हुई थी। आरोप है कि दोनों भाइयों ने अपनी पत्नियों को बिना तलाक दिए दूसरी शादी कर ली। न्यायालय ने दोनों बहनों व उनके बच्चों के खर्च की रकम आरोपियों से वसूलने के आदेश दिए थे। आरोपियों द्वारा पीड़िताओं को खर्च न देने पर न्यायालय ने दोनों भाइयों के खिलाफ वारंट जारी कर दिया।
न्यायालय में पेश न होने पर शुक्रवार सुबह पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने नई आबादी पहुंची थी। पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें अपने साथ ले जाने लगी तभी परिजन व आसपास के लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव कर आरोपियों को छुड़ा लिया। पथराव से बचने के लिए पुलिस टीम को वहां से भागना पड़ा। इस घटना के कुछ देर बाद कोतवाली प्रभारी रामसेन सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक दोनों वांछित आरोपी फरार हो चुके थे।
कोतवाली प्रभारी, दादरी रामसेन सिंह ने बताया कि पुलिस ने पथराव में शामिल 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसमें दो को गिरफ्तार भी कर लिया है। पुलिस टीम पर हमला करने के आरोप में साजिद, शहजाद, माजिद, राशिद, शोएब, ताजू, अलीमुद्दीन, जरीना, आसमां, शादाब, सैफ समेत 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर ताजू व अलीमुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया है।