बादलों से न टपकी उम्मीद की एक बूंद
जागरण संवाददाता नोएडा भीषण गर्मी के बीच मंगलवार को आसमान में काली घटा छाई लेकिन वर्षा का इंतजार कर रहे लोगों को कोई राहत नहीं मिली।
जागरण संवाददाता, नोएडा : भीषण गर्मी के बीच मंगलवार को आसमान में काली घटा छाई, लेकिन वर्षा का इंतजार कर रहे लोगों को कोई राहत नहीं मिली। घने बादलों से लोग एक बूंद पानी की उम्मीद लगाए थे, लेकिन एक बूंद भी आसमान से न टपकी। अधिकतम पारा 38 डिग्री पर स्थिर रहा, जबकि मौसम विज्ञानी ने मंगलवार को वर्षा की संभावना व्यक्त की थी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान वर्षा की संभावना है। वर्षा का क्रम दो जुलाई तक निरंतर जारी रहेगा।
मंगलवार सुबह से ही तेज धूप लोगों को परेशान करने लगी थी। दिन चढ़ने के साथ धूप की तल्खी भी बढ़ती रही। चिलचिलाती धूप में दोपहर के समय लोग बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सके। जरूरी काम से जिन्हें निकलना पड़ा वह लोग चेहरे को कपड़े से लपेटकर तपिश से बचाव करते देखे गए। दोपहर एक बजे एकाएक मौसम ने करवट बदली और आसमान में बादलों ने डेरा जमा लिया। हालांकि वर्षा नहीं हुई। दिनभर सूर्य की बादलों के साथ लुकाछिपी के बाद भी अधिकतम तापमान में कोई गिरावट नही आई। न्यूनतम तापमान भी 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे लोगों को रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिल सकी। स्काईमेट वेदर के मौसम विज्ञानी का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अरब सागर के अधिकांश हिस्सों और गुजरात के अधिकांश हिस्सों में पहुंच गया है। एक चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पूर्व अरब सागर के ऊपर मध्य क्षोभ मंडल स्तर तक फैला हुआ है। एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्र में देखा जा सकता है। बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में गरज चमक के साथ वर्षा होगी।