हर जुबां पर एक ही नाम, जय सियाराम
जागरण संवाददाता नोएडा राम नाम का जाप हवन में उठती अग्नि की लौ जय सियाराम की धुन से शहर के मंदिर और घरों में लोग भक्ति में लीन दिखे।
जागरण संवाददाता, नोएडा : राम नाम का जाप, हवन में उठती अग्नि की लौ, जय सियाराम की धुन से शहर के मंदिर और घरों में लोग भक्ति में लीन दिखे। अयोध्या में राम मंदिर की भूमिपूजन की खुशी में शामिल भक्त ही नहीं बल्कि प्रकृति ने भी बारिश के जरिये अपनी खुशी जाहिर की। सदियों से जिस घड़ी का इंतजार था, वह दोपहर आते ही पूरी हो गई। हर कोई टीवी, मोबाइल, कंप्यूटर की स्क्रीन के सामने बैठकर अयोध्या में हो रही श्रीराम मंदिर के लिए भूमि पूजन को आंखों में समेटने लगा। शाम होते ही मंदिरों, घरों, दुकानों, उद्योग, हर जगह दीये जगमगाने लगे दिखे। भाद्रपद के मास में दिवाली जैसा अद्भुत नजारा शहर में देखने को मिला। हर किसी की जुबां पर बस एक ही नाम जय सियाराम। झूम उठे सांसद और विधायक
सेक्टर-19 सनातन धर्म मंदिर में भाजपा की ओर से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। सुबह से ही तैयारियों में पुजारी, मंदिर समिति के सदस्य जुट गए। सुबह करीब साढ़े 10 बजे सांसद डॉ. महेश शर्मा व विधायक पंकज सिंह हवन-पूजन में शामिल हुए। मंत्रोच्चार के बीच पुजारियों की ढोलक और मंजीरे की धुन पर राम जाप ने सभी को भक्ति में लीन कर दिया। रामजाप से भक्ति से सराबोर हुए सांसद और विधायक की खुद को झूमने से नहीं रोक सके। इसके बाद भगवन राम के दरबार में आरती की। डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि आज पूरे भारतवर्ष के लिए हर्षोल्लास का दिन है। सभी ¨हदुओं की आस्था आज यथार्थ होने जा रही है। हम सभी कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया है कि दिन में प्रभु की लीला का गुणगान करेंगे और शाम में घरों को दीपक जलाएंगे। विधायक पंकज सिंह ने कहा कि सैकड़ों वर्षो से चली आ रही सनातन धर्म की रक्षा की लड़ाई की जीत है। संपूर्ण सनातन धर्म में आस्था रखने वाले लोगों के लिए आज का दिन दीपावली से कम नहीं है। इस सफर में न जाने कितनों ने आहुति दी है। आज का दिन उन सभी के लिए भी नमन का दिन है।