अब सामान्य मरीजों को भी देख सकेंगे कोविड अस्पताल के डॉक्टर
अब चिकित्सकों के क्वारंटाइन का समय कम कर दिया गया है।
जासं, नोएडा : जिले में डॉक्टरों के अभाव को देखते हुए शासन के आदेश पर कोविड अस्पताल के डॉक्टर सामान्य मरीजों का भी इलाज कर सकेंगे। इसके लिए सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों को जानकारी दे दी गई है।
दरअसल, अब तक कोविड अस्पताल के चिकित्सक 14 दिन कोरोना मरीजों का इलाज करने के बाद इतने समय ही क्वारंटाइन रहते थे, लेकिन अब चिकित्सकों के क्वारंटाइन का समय कम कर दिया गया है। अब 14 दिन आइसोलेशन वार्ड में काम करने के बाद दो दिन के अंदर डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की जांच होगी। रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद उन्हें ओपीडी में बैठकर सामान्य मरीजों को उपचार देना होगा। ओपीडी में 12 दिन ड्यूटी के बाद दोबारा इन डॉक्टरों की कोविड अस्पताल में ड्यूटी लगाई जाएगी। इससे ओपीडी में सामान्य मरीजों व कोविड अस्पताल में कोरोना मरीजों का समय पर इलाज हो सकेगा। इस समय स्वास्थ्य विभाग के पास 73 और जिला अस्पताल में 32 स्थाई डॉक्टर है। अधिकांश की ड्यूटी कोविड अस्पतालों में लगी है। मामले में एसीएमओ डॉ. नेपाल सिंह का कहना है कि शासन के निर्देशों का पालन किया जाएगा। जल्द ही जिले में यह व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।