विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा में गंदे पानी की समस्या: साफ पानी के लिए जेब पर पड़ रहा भारी बोझ

Published: Tue, 18 Aug 2026 01:09 PM (IST)

नोएडा में पीने के पानी की गुणवत्ता खराब होने से निवासियों को प्रतिदिन 100-200 रुपये खर्च कर बाहर से पानी खरीदना पड़ रहा है।

गंदे पानी की हो रही सप्लाई

गंदे पानी की हो रही सप्लाई

HighLights

  1. नोएडा में पीने के पानी की गुणवत्ता बेहद खराब।

  2. निवासियों को प्रतिदिन 100-200 रुपये अतिरिक्त खर्च।

  3. कई सेक्टरों में पीला, गंदा पानी आ रहा।

जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा में पानी अब बिल्कुल भी पीने लायक नहीं बचा है, यहां आपको साफ पानी पीना हैं तो रोजाना कम से कम सौ रुपये का खर्च करना होगा। क्योंकि यहां सेक्टरों में लोगो को पीला पानी मिल रहा है।

ऐसे में परिवारों को मजबूरी में बाहर से पानी खरीदना पड़ रहा है। पानी की गुणवत्ता खराब होने या सप्लाई बाधित होने पर लोगों को रोजाना करीब 100 से 200 रुपये तक अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है।

यानी महीने में यह बोझ करीब तीन से छह हजार रुपये तक पहुंच सकता है। सेक्टर-12 और 53 पीला और बेहद गंदा पानी आने के बाद यह समस्या एक बार फिर चर्चा में है। वहीं सेक्टर 105 , 19 और 40 में भी पानी की गुणवत्ता और आपूर्ति को लेकर शिकायतें सामने आई हैं।

नलों से बेहद गंदे पानी की हो रही सप्लाई

सेक्टर-12 में सोमवार सुबह लोगों ने नलों से पीले और बेहद गंदे पानी की शिकायत की। पानी देखकर लोगों ने इसे पीने और खाना बनाने में इस्तेमाल करने से परहेज किया। इसके बाद परिवारों को पीने के लिए अलग से पानी का इंतजाम करना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नल का पानी नियमित और साफ मिले तो अतिरिक्त पानी खरीदने का खर्च बच सकता है। वहीं सेक्टर 53 में भी बीते तीन दिनों से गंदा पानी आ रहा है। सेक्टर 105 में एक दिन पानी आता है एक दिन नहीं तो कभी गंदा यही समस्या बनी है।

वहीं सेक्टर 40, 19 सहित तमाम सेक्टरों में पानी की समस्या आ रही हैं। निवासियों के अनुसार गंगाजल की सप्लाई या तो हो नहीं रही या फिर ट्यूबेल का पानी मिलाकर की जा रही है, कई जगह पाइप जंग वाली हैं जिसके चलते पानी गंदा आ रहा है।

यहां कभी गंदा पानी आता है तो कभी पानी की सप्लाई ही नहीं होती। या तो पानी आता नहीं या फिर गंदा पानी आता है।
- पूजा शर्मा, निवासी

जब घर में आने वाला पानी इस्तेमाल लायक नहीं होता तो पीने के पानी के लिए अलग से पैसा देना पड़ता है। रोज 100-200 रुपये भी लगें तो महीने का खर्च काफी बढ़ जाता है।
- रामलखन चौधरी, अध्यक्ष, आरडब्ल्यूए कंचन जंगा अपार्टमेंट सेक्टर 53

जलापूर्ति और पानी की गुणवत्ता को लेकर सभी परेशान है, हर एक दिन में गंदा पीला पानी सेक्टर में आ रहा है।
- महक, सेक्टर 12 निवासी

लोगों को सिर्फ पानी नहीं, साफ और सुरक्षित पानी चाहिए। यदि पीने का पानी अलग से खरीदना पड़े तो व्यवस्था की समीक्षा जरूरी है।
- स्वाति सिंह, सेक्टर 19 निवासी

पानी की समस्या को लेकर समय-समय पर फ्लशिंग करवाया जाता है। जहां भी समस्या आ रही हैं वहां फ्लशिंग करवा दी जाएगी।
-आरपी सिंह, महाप्रबंधक (जल और सीवर) नोएडा प्राधिकरण