'खाना बनाना मुश्किल', नोएडा में गंदे और बदबूदार पानी से हजारों लोग परेशान; प्राधिकरण से जांच की मांग
नोएडा के कई सेक्टरों में घरों की टोंटियों से साफ पानी की जगह गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है, जिससे निवासी परेशान हैं।
HighLights
नोएडा के कई सेक्टरों में नलों से आ रहा गंदा पानी।
निवासी बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर, खाना बनाना मुश्किल।
अधिकारियों से पाइपलाइन जांच और स्थायी समाधान की मांग।
जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा के कई सेक्टरों में घरों की टोंटियों से साफ पानी की जगह गंदा और बदबूदार पानी आने से लोग परेशान हैं।
सेक्टर-25 निवासी हेमा पुरी ने भी अपने क्षेत्र में गंदे पानी की समस्या की शिकायत की है। इसके अलावा सेक्टर-40, 21 समेत कई सेक्टरों से भी ऐसी शिकायतें सामने आई हैं।
लोगों का कहना है कि पानी की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ रही है और कई घरों में पीने के लिए बोतलबंद पानी का सहारा लेना पड़ रहा है।
गंदे पानी से लोग परेशान
निवासियों के अनुसार, कुछ स्थानों पर पानी का रंग मटमैला है, जबकि कई जगह पानी में दुर्गंध भी महसूस हो रही है। लोगों का कहना है कि नलों में आने वाले पानी का इस्तेमाल खाना बनाने और पीने में करना मुश्किल हो गया है। इससे रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हो रहे हैं।
सेक्टर-25 निवासी हेमा पुरी ने गंदे पानी की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए संबंधित अधिकारियों से इसकी जांच कराने की मांग की है।
उनका कहना है कि पानी की आपूर्ति करने वाली पाइपलाइन और आसपास की व्यवस्था की जांच जरूरी है, ताकि समस्या के वास्तविक कारण का पता लगाया जा सके।
निवासियों ने प्राधिकरण से मांग की है कि प्रभावित सेक्टरों से पानी के नमूने लेकर उनकी जांच कराई जाए। साथ ही पाइपलाइनों की स्थिति की जांच कर लीकेज या सीवर लाइन से पानी के मिश्रण की आशंका को दूर किया जाए।
लोगों का कहना है कि स्वच्छ पेयजल मूलभूत सुविधा है, इसलिए समस्या का स्थायी समाधान जल्द किया जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के सुखदेव विहार में सीवर लाइन जाम, गलियों में बह रहा गंदा पानी और मुश्किल में लोगों का जीवन
