करोड़ों की कीमत के घरों में पहुंच रहा 'गंदाजल', नलों से आ रहा कीड़ों वाला पानी; नोएडा में 350 परिवार परेशान
नोएडा के सुपरटेक सुपरनोवा में 350 परिवार गंदे और कीड़े वाले पानी की समस्या से जूझ रहे हैं, जिससे बच्चों को त्वचा संबंधी परेशानियां हो रही हैं।

नलों से आता गंदा, बदबूदार और कीड़े वाला पानी। जागरण
HighLights
सुपरटेक सुपरनोवा में 350 परिवारों को गंदे पानी की आपूर्ति।
नलों से बदबूदार, पीले-काले पानी में कीड़े आने की शिकायत।
गंगाजल आपूर्ति बंद, सॉफ्टनर प्लांट चार माह से खराब।
जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा सेक्टर-94 स्थित सुपरटेक सुपरनोवा के फ्लैटों में गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। सोसायटी में गंगाजल की आपूर्ति बंद है।
भूजल का उपयोग यहां जरूरतों की पूर्ति के लिए हो रहा है। भूजल को शोधित कर घरों में आपूर्ति करने वाला सॉफ्टनर प्लांट यहां खराब है। किचन के नल में गंदा और पानी में कीडे आने की शिकायत यहां के निवासियों ने की।
सुपरनोवा के ईस्ट और वेस्ट आवसीय टावर में 350 परिवार रहते हैं। दिल्ली से नोएडा रहने आईं असिस्टेंट प्रोफेयर डॉ. गीता मिश्रा के मुताबिक बीते दिनों उनके उनके किचन में बदबूदार और पीले-काले रंग का पानी आया। पानी में कीड़े रेंग रहे थे।
बाद में बाथरूम के नलों और टॉयलेट फ्लश में भी कीड़े आने लगे। दूषित पानी से बच्चे को त्वचा संबंधी परेशानी हुई। सोसायटी के लोग खाना पकाने के लिए बाहर से बाेतलबंद पानी मंगा रहे हैं।
बकाया पानी बिल से कटा था गंगाजल का कनेक्शन
सुपरनोवा की आवासीय परियोजनाओं का संचालन और व्यवस्था की जिम्मेदारी एओए (अपार्टमेंट आनर्स एसोसिएशन) संभाल रही है। हैंडओवर से पहले बिल्डर पर 42 लाख रुपये का पानी बिल बकाया था।
बिल्डर ने यह बिल जमा नहीं किया। प्राधिकरण ने गंगाजल का कनेक्शन काट दिया। यह बिल अब ब्याज के साथ 72 लाख रुपये हो गया है। एओए के पास फंड की कमी है।
भूजल को सॉफ्टनर से शोधित कर घरों में आपूर्ति करने की व्यवस्था एओए ने की थी। यह सॉफ्टनर प्लांट बीते चार माह से खराब है। इससे सोसायटी में खराब और दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है।
उच्च टीडीएस पानी का उपयोग हमारी मजबूरी बन गया है। प्राधिकरण हमको पानी बिल में छूट दे हम जमा करेंगे। इस पर कई बार वार्ता हुई, लेकिन प्राधिकरण मानने को तैयार नहीं है। गंदे पानी की शिकायतें मिलीं हैं। कुछ लाइन में दिक्कत हो सकती है। इसको दिखवाया जा रहा है।
-नरेश नंदवानी, एओए सलाहकार
