हिंडन एयरपोर्ट से फोर्टिस तक 20 किमी दौड़ी एंबुलेंस, 300 पुलिसकर्मियों ने 16 मिनट में पहुंचाया मरीज का जिंदा दिल
गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट से नोएडा के फोर्टिस अस्पताल तक 20 किलोमीटर का ग्रीन कॉरिडोर बनाकर 16 मिनट में जीवित दिल पहुंचाया।

यातायात पुलिस ने गाजियाबाद के हिंडन एयरफोर्स से नोएडा तक 20 किलोमीटर का ग्रीन कोरिडोर बनाकर जीवित दिल को एंबुलेंस की मदद से सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया। सौ. यातायात पुलिस
HighLights
पुलिस ने 20 किमी का ग्रीन कॉरिडोर 16 मिनट में बनाया।
हिंडन एयरपोर्ट से फोर्टिस अस्पताल तक जीवित दिल पहुंचाया गया।
300 से अधिक पुलिसकर्मियों ने सफल ट्रांसप्लांट में सहयोग किया।
जागरण संवाददाता, नोएडा। गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने बुधवार दोपहर सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल तक 20 किलोमीटर का ग्रीन कॉरिडोर बनाकर 16 मिनट में दिल जीत लिया। पुलिस के सहयोग से चिकित्सकों ने मरीज का ट्रांसप्लांट कर सफलता भी हासिल की।
गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट से नोएडा तक बनाए गए ग्रीन कोरिडोर से जीवित दिल को अस्पताल पहुंचाने पर सभी ने राहत की सांस ली। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने डीसीपी प्रभारी को बधाई दी।
डीसीपी प्रभारी अभय कुमार मिश्र ने बताया कि फोर्टिस अस्पताल में भर्ती एक मरीज के दिल का ट्रांसप्लांट होना था। बुधवार दोपहर एक बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट से एक जीवित दिल को एयर एंबुलेंस की मदद से हिंडन एयरपोर्ट लाया गया।
गाजियाबाद से नोएडा सेक्टर-62 तक करीब 20 किलोमीटर का ग्रीन कोरिडोर तैयार किया गया। दोपहर दो बजे हिंडन एयरपोर्ट से दिल को एंबुलेंस के जरिए एलिवेटेड से इंदिरापुरम के सीआइसीएफ के बाद सेक्टर-62 से वाया फोर्टिस अस्पताल पहुंचाने में सफलता प्राप्त की।
ग्रीन कोरिडोर के लिए गाजियाबाद से नोएडा तक 300 से अधिक पुलिसकर्मियों की डयूटी लगाई गई। पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने मरीज की मदद के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जीवित दिल पहुंचाने पर बधाई दी है।
यह भी पढ़ें- BRICS समिट के लिए नोएडा एयरपोर्ट समेत इन एयरपोर्ट पर होगी VIP विमानों की पार्किंग; जयपुर-लखनऊ भी प्लान में
