न पार्किंग वाला समझा, न कार मालिक... दोनों की गफलत का फायदा उठा 'शातिर' ड्राइवर ने उड़ा ली हुंडई एस्टर
नोएडा पुलिस ने सेक्टर 18 मल्टीलेवल पार्किंग से टैटू आर्टिस्ट कनक की कार चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अरुण एटा भागने की फिराक में था।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। जागरण
HighLights
नोएडा पुलिस ने टैटू आर्टिस्ट की चोरी हुई कार बरामद की।
आरोपी अरुण ने पार्किंग में मदद के बहाने कार चुराई।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी को एटा भागते समय पकड़ा गया।
जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा सेक्टर 18 स्थित मल्टीलेवल पार्किंग से गाजियाबाद इंदिरापुरम की रहने वाली टैटू आर्टिस्ट कनक की हुंडई एस्टर मॉडल की कार चोरी करने वाले आरोपित को सेक्टर 20 थाना पुलिस ने सोमवार को थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपित के पास से चाेरी की कार और अवैध नंबर प्लेट बरामद हुई। वह कार चोरी कर एटा भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज आदि के आधार पर आरोपित को दबोच लिया। वह 8वीं कक्षा पास और ड्राइवरी का काम करता है।
नोएडा सेक्टर 20 थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि आरोपित की पहचान एटा के सोनसा गांव के अरूण के रूप में हुई। वारदात के समय वह पार्किंग में पहुंचा था।
कनक की पहुंचने पर उसकी कार को पार्क करवाने में मदद की थी। कनक को लगा अरूण पार्किंग वाला है, जबकि पार्किंग वाले को लगा कि अरूण कनक के साथ है।
कनक के जाने पर अरूण पार्किंग वाले के पास पहुंचा। उससे गर्मी ज्यादा होने के बात बोल कार में एसी चलाकर बैठने के बहाने चाबी ले ली।
इसी बीच अरूण कार चोरी कर ले गया। जब कनक वापस आई तो उनको मौके पर कार नहीं मिली थी। पीड़िता ने सेक्टर 20 थाने में मामला दर्ज कराया था।
