विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दो और शहर जुड़ेंगे, जानें कब शुरू होगी कोलकाता-बेंगलुरु के लिए सीधी फ्लाइट

Published: Tue, 29 Sep 2026 06:45 AM (IST)

अकासा एयर 1 अक्टूबर से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कोलकाता और बेंगलुरु के लिए सीधी उड़ानें शुरू करेगी। इससे यात्रियों को इन शहरों के लिए नया विकल्प मिलेगा।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई कनेक्टिविटी लगातार विस्तार ले रही है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई कनेक्टिविटी लगातार विस्तार ले रही है।

HighLights

  1. अकासा एयर 1 अक्टूबर से नई उड़ानें शुरू करेगी।

  2. कोलकाता और बेंगलुरु के लिए सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।

  3. अहमदाबाद, पुणे के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट्स उपलब्ध होंगी।

जागरण संवाददाता, जेवर (ग्रेटर नोएडा)। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई कनेक्टिविटी लगातार विस्तार ले रही है। अकासा एयर एक अक्टूबर से जेवर से कोलकाता और बेंगलुरू के लिए सीधी उड़ान शुरू करने जा रही है। दोनों शहरों के लिए नई उड़ानें शुरू होने से यात्रियों को आवागमन का एक और विकल्प मिलेगा। वहीं, अहमदाबाद और पुणे जाने वाले यात्रियों को अकासा एयर कनेक्टिंग फ्लाइट की सुविधा उपलब्ध करा रही है।

क्या है कोलकाता आने-जाने की टाइमिंग? 

कोलकाता के लिए अकासा एयर की फ्लाइट संख्या क्यूपी 1569 सुबह 10:30 बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरेगी और दो घंटे 20 मिनट में दोपहर 12:50 बजे कोलकाता के नेताजी सुभाषचंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेगी। वापसी में फ्लाइट संख्या क्यूपी 1570 दोपहर 1:30 बजे कोलकाता से उड़ान भरकर दोपहर 3:50 बजे जेवर एयरपोर्ट पहुंचेगी।

कनेक्टिंग फ्लाइट की सुविधा उपलब्ध कराई

इसी तरह बेंगलुरू के लिए फ्लाइट संख्या क्यूपी 1525 सुबह सात बजे बेंगलुरू से उड़ान भरकर सुबह 9:45 बजे नोएडा एयरपोर्ट पहुंचेगी। वापसी में फ्लाइट संख्या क्यूपी 1526 शाम 4:30 बजे जेवर से उड़ान भरेगी और रात 7:20 बजे बेंगलुरू पहुंचेगी। अहमदाबाद और पुणे के लिए अकासा एयर ने सीधे रूट के बजाय कनेक्टिंग फ्लाइट की सुविधा उपलब्ध कराई है।

प्रमुख शहरों के लिए बढ़ेगा हवाई संपर्क

इससे इन दोनों शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों को जेवर एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी का विकल्प मिलेगा। हालांकि, एक अक्टूबर से अकासा एयर अपनी दोपहर में 2:05 पर मुंबई जाने वाली फ्लाइट संख्या क्यूपी 1940 को फिलहाल बंद करने का फैसला कर रही है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अकासा एयर की नई उड़ानों के संचालन के साथ जेवर से देश के प्रमुख शहरों के लिए हवाई संपर्क का दायरा बढ़ जाएगा।

इससे नोएडा-ग्रेटर नोएडा के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आसपास के जिलों के यात्रियों को हवाई कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। अकासा एयर और इंडिगो एयरलाइंस दोनों ही त्योहारी सीजन और शीतकाल के लिए जल्द ही नए रूट के संचालन का प्लानिंग कर रही हैं।