विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा जिला अस्पताल के मरीजों की डाइट होगी और बेहतर, नाश्ते में दूध-दलिया के साथ पनीर-अंडा भी मिलेगा

Published: Fri, 04 Sep 2026 07:34 PM (GMT+05:30)Updated: Sat, 05 Sep 2026 10:28 AM (GMT+05:30)

नोएडा सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में गंभीर मरीजों को अब नाश्ते में दूध के साथ पनीर और अंडा भी मिलेगा।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

HighLights

  1. गंभीर मरीजों के नाश्ते में पनीर और अंडा शामिल होगा।

  2. मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने आउटसोर्स एजेंसी से बात की है।

  3. उच्च अधिकारियों से नई डाइट के लिए अनुमति मांगी गई।

जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में गंभीर बीमारी के भर्ती मरीजों को अब सुबह नाश्ते में दूध के साथ पनीर और अंडा भी मिलेगा।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने आउटसोर्स एजेंसी से वार्ता के बाद उच्च अधिकारियों से अनुमति मांगी की है। प्रबंधन ने एजेंसी संचालक के साथ नाश्ते का मैन्यू भी तैयार किया है।

नोएडा के जिला अस्पताल में गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली के मरीज आकर वरिष्ठ चिकित्सकों से जांच के बाद परामर्श लेते हैं।

क्या कहते हैं आंकड़े?

आंकड़े देखें तो रोजाना 3500 से 4700 मरीज अपना पंजीकरण कराते हैं, जिनमें 65 प्रतिशत पुराने तो 35 प्रतिशत नए मरीज शामिल होते हैं। अब इनमें आठ परसेंट से ज्यादा मरीजाें को गंभीर बीमारी के चलते भर्ती करना पड़ता है।

मुख्य चिकित्स अधीक्षक डा. अशोक कुमार झा ने बताया कि भर्ती मरीजों को रोजाना एक दिन में दूध, दलिया, ब्रेड, बिस्किट और अन्य खाने की चीजें दी जाती है, लेकिन अब उनके स्वास्थ्य को जल्दी बेहतर बनाने के लिए पनीर और अंडा भी देने की योजना बनाई है।

इस संबंध आउटसोर्स एजेंसी के संचालक से वार्ता की गई है। उन्होंने भी प्रबंध करने में सकारात्मक रूख दिखाया है। अब उच्च अधिकारियों से यह खाद्य पदार्थों मरीजों को देने के लिए अनुमति मांगी गई है।