नोएडा-ग्रेनो में बढ़ेगा प्रदूषण की निगरानी का दायरा, 11 नए मॉनिटरिंग स्टेशन होंगे स्थापित
जिले में वायु प्रदूषण की गंभीर समस्या से निपटने के लिए केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड 11 नए मानिटरिंग स्टेशन स्थापित ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
जिले में वायु प्रदूषण गंभीर समस्या बना हुआ है।
प्रदूषण स्तर की सटीक जानकारी के लिए नए स्टेशन।
नोएडा में 4 और ग्रेटर नोएडा में 7 स्टेशन लगेंगे।
चेतना राठौर जागरण, नोएडा। जिले में वायु प्रदूषण गंभीर समस्या बना हुआ है दिवाली के पहले से ही शहर की हवा पटाखे चलाने से प्रदूषित होने लगती है। दिवाली पर पूरा जिला प्रदूषण की चादर में लिपट जाता है।
सर्दियों में यह समस्या भयावह का रूप ले लेती है सभी के लिए सिरदर्द बन जाता है इस समस्या को दूर करने के लिए केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड पहले से तैयारी में जुट गया है।
वर्तमान में संचालित प्रदूषण मानिटरिंग स्टेशन वायु प्रदूषण स्तर की सटीक जानकारी देने में कई बार असफल हो जाते हैं इसको देखते हुए जिले में नवीन 11 प्रदूषण मानिटरिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं।
इन्हें स्थापित करने का ऐसा केंद्र चुना है जहां से प्रदूषण का स्तर सटीक मापा जा सकेगा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की पहल के तहत नोएडा में चार और ग्रेटर नोएडा में सात नए स्टेशन बनाए जाने की योजना है। इस परियोजना पर लगभग सवा करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
बढ़ जाएगा निगरानी का दायरा
वर्तमान में, नोएडा में चार और ग्रेटर नोएडा में दो प्रदूषण मानिटरिंग सिस्टम कार्यरत हैं। नए स्टेशन स्थापित होने से जिले में प्रदूषण की निगरानी का दायरा और विस्तृत होगा।
कमिशन फार एयर क्वालिटी मैनेजमेंट नियमों के अनुसार, हर पांच किलोमीटर के दायरे में एक मानिटरिंग स्टेशन स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे विभिन्न क्षेत्रों में प्रदूषण के स्तर की सटीक जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।
नोएडा में चार नए स्टेशनों के लिए स्थान भी निर्धारित कर लिए गए हैं। जिससे प्रदूषण नियंत्रण के उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने में सहायता मिलेगी।
सीपीसीबी ने स्टेशन लगाने के लिए नोएडा प्राधिकरण से जमीन मांगी थी जिसपर स्वीकृति मिल चुकी है स्टेशन स्थापित करने के लिए काम जल्द शुरू होगा। स्टेशन के लिए मशीनें एजेंसी को मिल चुकी है। इन स्टेशनों के माध्यम से क्षेत्रवार प्रदूषण के आंकड़े एकत्र किए जाएंगे।
मानिटरिंग स्टेशनों की संख्या में वृद्धि से प्रदूषण के स्रोतों और प्रभावित क्षेत्रों की पहचान में सुधार होगा। इसके साथ ही, यदि प्रदूषण का स्तर बढ़ता है, तो संबंधित विभाग समय पर आवश्यक कदम उठा सकेंगे। नए स्टेशनों के संचालन से नोएडा-ग्रेटर नोएडा में वायु गुणवत्ता की निरंतर निगरानी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
नोएडा में इन जगहों पर होंगे स्टेशन
- सेक्टर-110 स्थित महर्षि नगर
- सेक्टर-150 स्थित भगत सिंह पार्क
- सेक्टर-39 डिग्री कॉलेज
- सेक्टर-49 यूजीडब्ल्यूआर
वर्तमान में नोएडा में संचालित स्टेशन
- सेक्टर-62
- सेक्टर-116 जलकल विभाग
- सेक्टर-125 एमिटी यूनिवर्सिटी
- सेक्टर-1 प्रदूषण विभाग
ग्रेटर नोएडा में इन जगहों पर होंगे स्टेशन
- सावित्री बाई फूले बालिका इंटर कॉलेज, कासना
- गौर यमुना सिटी, यीडा, ग्रेनो
- जवाहर नवोदय विद्यालय, धूम मानिकपुर, दादरी
- वाटर पंपिंग स्टेशन, डीएमआईसीडीसी
- शिव नादर इंस्टीट्यूट, छिठैरा, दादरी
- सेंट जॉर्ज स्कूल, गिरधर, ग्रेनो
यह भी पढ़ें- दिल्ली में प्रदूषण पर अरबों खर्च, फिर भी 285 दिन जहरीली हवा; सवालों के घेरे में सरकारी उपाय
