नोएडा वालों को जल्द मिलेगा 200 नई ई-बसों का तोहफा! बेहतर कनेक्टिविटी से लोगों को मिलेगी राहत
फोनरवा ने नोएडा में 200 नई ई-बसों के संचालन का समर्थन किया है, लेकिन प्राधिकरण से रूट तय करने से पहले आरडब्ल्यूए से सुझाव लेने का आग्रह किया है।
-1789735196560_m.webp)
AI जनरेटेड
HighLights
फोनरवा ने नोएडा में 200 नई ई-बसों के संचालन का समर्थन किया।
रूट तय करने से पहले आरडब्ल्यूए से सुझाव लेने की अपील की।
सार्वजनिक परिवहन को मजबूत और जनोपयोगी बनाने पर जोर दिया।
जागरण संवाददाता नोएडा। नोएडा शहर में 200 नई ई-बसों के संचालन की पहल का फोनरवा ने समर्थन किया है। फेडरेशन आफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (फोनरवा) ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कृष्ण करुणेश को पत्र लिखा है।
फोनरवा महासचिव केके जैन ने कहा कि ई-बस सेवा से शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी। इससे विभिन्न सेक्टरों के लोगों को सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
जैन ने कहा कि ई-बस सेवा को अधिक उपयोगी बनाने के लिए रूट और बस स्टाट तय करने से पहले शहर के निवासियों की जरूरतों को समझना जरूरी है।
उन्होंने सीईओ से फोनरवा पदाधिकारियों के साथ बैठक करने का अनुरोध किया है, ताकि विभिन्न सेक्टरों की आरडब्ल्यूए से मिले सुझाव प्राधिकरण के समक्ष रखे जा सकें।
फोनरवा के अनुसार, बस रूट तय करते समय आवासीय सेक्टरों के साथ प्रमुख बाजारों, मेट्रो स्टेशन, अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक क्षेत्रों और दिल्ली से जुड़ने वाले प्रमुख मार्गों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
आरडब्ल्यूए की भागीदारी से तैयार किए गए रूट स्थानीय जरूरतों के अधिक अनुरूप होंगे और बसों का उपयोग भी बढ़ेगा। यह भी उम्मीद जताई कि प्राधिकरण जल्द बैठक कर सुझावों पर विचार करेगा, जिससे 200 ई-बसों की सेवा अधिक प्रभावी और जनोपयोगी बन सके।
