'लेकर रहेंगे अपना अधिकार’ के नारों से गूंजा नोएडा, सरकारी बैंककर्मियों के प्रदर्शन में पहुंचे 2 हजार से ज्यादा लोग
नोएडा सेक्टर-62 में 2000 से अधिक बैंक कर्मचारियों ने पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था और इंसेंटिव प्रणाली में सुधार सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।

नोएडा में बैंककर्मियों का प्रदर्शन।
HighLights
2000 से अधिक बैंककर्मियों ने नोएडा में प्रदर्शन किया।
पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की प्रमुख मांग।
इंसेंटिव प्रणाली में सुधार और कार्य-जीवन संतुलन की अपील।
जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा सेक्टर-62 में बुधवार को बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों का प्रदर्शन देखने को मिला। नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली और बुलंदशहर समेत आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे 2 हजार से अधिक बैंककर्मियों ने पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था सहित विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
प्रदर्शनकारी सुबह बैंक परिसर के बाहर एकत्र हुए और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान लेकर रहेंगे अपना अधिकार’ जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंची।
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बैंक परिसर के अंदर कराया, जहां कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान कुछ बैंक कर्मचारी काले कपड़े पहनकर विरोध करते हुए नजर आए। बैंक अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली के सभी बैंक कर्मचारियों ने काले कपड़े पहनकर अपना विरोध दर्ज कराया है। काले कपड़ों के जरिए कर्मचारियों ने अपनी मांगों के प्रति सरकार और बैंक प्रबंधन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।
क्या बोले कर्मचारी?
प्रदर्शन में 5 दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग प्रमुख रही। कर्मचारियों का कहना है कि सप्ताह में पांच दिन कामकाज की व्यवस्था लागू होने से बैंक कर्मचारियों को भी अन्य क्षेत्रों की तरह बेहतर कार्य-जीवन संतुलन मिल सकेगा।
इसके अलावा इंसेंटिव व्यवस्था को लेकर भी कर्मचारियों में नाराजगी दिखाई दी। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रदर्शन आधारित इंसेंटिव का लाभ बड़े अधिकारियों को अधिक मिल रहा है, जबकि शाखाओं में काम करने वाले कर्मचारियों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा।
कार्यक्रम में बैंक संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की मांगों को मजबूती से उठाया और आंदोलन जारी रखने की बात कही। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में रही।
यह भी पढ़ें- तीन दिन बंद रहेंगे बैंक, हड़ताल पर बैंककर्मी; मांगें नहीं मानीं तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन
