नोएडा का विस्तार करने की तैयारी, 35 हजार करोड़ की 120 बड़ी परियोजनाओं को हरी झंडी; मास्टर प्लान तैयार
नया नोएडा में 20 हजार हेक्टेयर क्षेत्र का विस्तार किया जाएगा, जिससे 2030 तक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग छह लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा।

नोएडा का विस्तार करने की तैयारी। फोटो: आर्काइव
HighLights
नया नोएडा में 20 हजार हेक्टेयर क्षेत्र का विस्तार
2030 तक छह लाख युवाओं को मिलेगा रोजगार
तीन नए मेट्रो कॉरिडोर से बढ़ेगी नोएडा की कनेक्टिविटी
जागरण संवाददाता, नोएडा। प्रदेश का प्रमुख औद्योगिक हब बनाने की दिशा में नोएडा प्राधिकरण ने महत्वपूर्ण प्रयास किया है। लगातार बढ़ते औद्योगिक विस्तार और निवेशकों को देखते हुए लगभग 20 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में नया नोएडा के विस्तार की कार्ययोजना तैयार की है।
इस योजना के धरातल पर उतरते ही वर्ष 2030 तक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग छह लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
नया नोएडा में छह लाख रोजगार के अवसर
मौजूदा शहरी क्षेत्र में भूमि की सीमित उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए इस नए औद्योगिक शहर के निर्माण के लिए जल्द ही चरणबद्ध तरीके से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
औद्योगिक विकास के साथ-साथ इस पूरे क्षेत्र की लॉजिस्टिक्स और परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई गई है।
नया नोएडा को बेहतर कनेक्टिविटी देने के तीन नए मेट्रो कॉरिडोर विकसित करने का प्रस्ताव है। ये बोड़ाकी के मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब, बोटेनिकल गार्डन और चार मूर्ति के रास्ते गौर सिटी से जोड़ेंगे।
35 हजार करोड़ की 120 परियोजनाएं उतरेंगी धरातल पर
इसके अलावा आगामी पांचवें भूमि पूजन समारोह (जीबीसी) के दौरान लगभग 35 हजार करोड़ की 120 बड़ी परियोजनाएं धरातल पर उतरेंगी। इन तमाम परियोजनाओं में डेटा सेंटर, अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, वाणिज्यिक रियल एस्टेट, लॉजिस्टिक्स और संस्थागत विकास से जुड़ी इकाइयां शामिल हैं।
वर्तमान में नोएडा का उत्तर प्रदेश के सकल राज्य घरेलू उत्पाद में लगभग 10 प्रतिशत का बड़ा योगदान है। राज्य के कुल इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी निर्यात में अकेले नोएडा की हिस्सेदारी करीब 60 प्रतिशत है।
सैमसंग, डिक्सन, टीसीएस, इन्फोसिस, एचसीएल, माइक्रोसॉफ्ट और एडोबी जैसी बड़ी कंपनियों की मौजूदगी ने शहर को वैश्विक पहचान दिलाई है।
नोएडा को हर क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए कार्य किया जा रहा है। प्रयास है यहां अधिक और बड़े निवेशकों को जोड़ा जाए। नया नोएडा में भी इसी दिशा में कार्य किया जा रहा है। कनेक्टिविटी और बेहतर सुविधाओं पर विशेष जोर है।
- कृष्णा करुणेश, सीईओ नोएडा प्राधिकरण
यह भी पढ़ें- 'न्यू नोएडा' का मास्टर प्लान तैयार, 20 हजार हेक्टेयर में विस्तार; 6 लाख युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर
