नोएडा वालों को मिला स्काईवॉक का बड़ा फायदा, मेट्रो की ब्लू और एक्वा लाइन पर रोज 20 हजार यात्री बढ़े
नोएडा में सेक्टर-51 और सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशनों के बीच स्काईवॉक खुलने से एक्वा लाइन पर यात्रियों की संख्या में बड़ा ...और पढ़ें

स्काईवॉक से मेट्रो के यात्रियों में हुआ इजाफा। फोटो: आर्काइव
HighLights
स्काईवॉक खुलने से एक्वा लाइन पर यात्री संख्या में वृद्धि
प्रतिदिन 15-20 हजार अतिरिक्त यात्री अब कर रहे सफर
ब्लू लाइन से एक्वा लाइन पर स्टेशन बदलना हुआ सुगम
जागरण संवाददाता, नोएडा। सेक्टर-51 और सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के बीच स्काईवाक शुरू होने के बाद एक्वा लाइन पर यात्रियों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है।
रक्षाबंधन पर जनता को समर्पित किए गए स्काईवाक के बाद प्रतिदिन करीब 15 से 20 हजार यात्रियों की वृद्धि हुई है। पहले जहां औसतन 60 से 70 हजार यात्री प्रतिदिन सफर करते थे, वहीं अब यह संख्या 80 से 85 हजार तक पहुंच गई है। कुछ दिनों में यात्रियों की संख्या 93 हजार तक भी पहुंची है।
स्काईवाक से आसान हुआ स्टेशन बदलना
स्काईवाक शुरू होने से सेक्टर-51 और सेक्टर-52 स्टेशन के बीच सड़क पार करने की यात्रियों की परेशानी खत्म हो गई है। दोनों स्टेशनों के बीच सुरक्षित और सीधी पैदल कनेक्टिविटी मिलने से एक्वा लाइन तक पहुंचना आसान हुआ है। खास तौर पर दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन से आने वाले यात्रियों को अब एक्वा लाइन पकड़ने में अधिक सुविधा हो रही है।
पहले स्टेशन बदलने में होने वाली असुविधा के कारण कुछ यात्री दूसरे परिवहन साधनों का सहारा लेते थे, लेकिन स्काईवाक शुरू होने से यह दूरी पैदल तय करना आसान हो गया है।
पीक आवर में भी बढ़ी यात्रियों की संख्या
एनएमआरसी के एमडी कृष्णा करुणेश ने कहा कि पीक आवर में यात्री संख्या में हुई वृद्धि एक्वा लाइन के लिए महत्वपूर्ण है। सेक्टर-51 और सेक्टर-52 के बीच बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ आने वाले दिनों में भी देखने को मिल सकता है।
उन्होंने बताया कि पहले एक्वा लाइन पर औसतन 60-65 हजार यात्री प्रतिदिन सफर करते थे, जो अब बढ़कर 80-85 हजार तक पहुंच गए हैं।
एक्वा लाइन को मिली नई कनेक्टिविटी
स्काईवाक के जरिए दोनों मेट्रो स्टेशनों के बीच पैदल आवाजाही सुगम होने से एक्वा लाइन की उपयोगिता भी बढ़ी है। यात्रियों को अब स्टेशन बदलने के लिए सड़क पार करने की परेशानी नहीं उठानी पड़ती है।
