विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा एयरपोर्ट पहुंचना होगा अब और आसान, यमुना एक्सप्रेसवे से सटी 30 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण शुरू

Published: Sun, 18 Oct 2026 06:44 PM (IST)

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे के समानांतर 30 मीटर चौड़ी सड़क का ...और पढ़ें

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट

HighLights

  1. यमुना एक्सप्रेसवे के समानांतर 30 मीटर सड़क का निर्माण शुरू।

  2. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी होगी बेहतर।

  3. यमुना सिटी के सेक्टरों और गांवों को सीधा लाभ।

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को और बेहतर करने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे के समानांतर दाहिनी ओर 30 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है।

इस सड़क के बनने से यमुना सिटी के सेक्टर-22ई समेत 10 से अधिक सेक्टरों और गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। यीडा अधिकारियों के अनुसार यमुना एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ समानांतर सड़कें बनाई गई हैं। बाईं तरफ 60 मीटर चौड़ी सड़क है जो परी चौक से जीबीयू और गलगोटिया होते हुए एयरपोर्ट तक जाती है।

अतिक्रमण के कारण रुका था काम

इसका काम दयानतपुर और दनकौर में जारी है। वहीं दाहिनी तरफ 16 किलोमीटर लंबी 30 मीटर चौड़ी सड़क है। इस सड़क का करीब 1800 मीटर हिस्सा लंबे समय से अधूरा पड़ा था। यह हिस्सा यमुना एक्सप्रेसवे के सातवें किलोमीटर से शुरू होता है।रौनीजा, चपरगढ़ और सलारपुर गांव के पास अतिक्रमण के कारण काम रुका हुआ था।

जून में जारी हुआ टेंडर

प्राधिकरण ने अतिक्रमण हटाने के बाद जून में इसका टेंडर जारी किया था। अब बाधा दूर होने के बाद निर्माण शुरू करा दिया गया है। यह सड़क आगे चलकर चपरगढ़ के पास 120 मीटर चौड़ी सड़क को क्रास करेगी, जिससे 120 मीटर रोड तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा।

लोगों को मिलेगी राहत

इस सड़क के बनने से सेक्टर-22डी, 22ई, 23ए, बी, सी, डी, ई, 25, 26, 27 समेत आसपास के गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अभी इन सेक्टरों के लोगों को सलारपुर अंडरपास से घूमकर 60 मीटर रोड होते हुए आना-जाना पड़ता है। नई सड़क बनने पर वे सीधे ग्रेटर नोएडा और नोएडा आ-जा सकेंगे, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी।

महाप्रबंधक परियोजना राजेंद्र भाटी ने बताया कि अतिक्रमण के कारण रुका हुआ 1800 मीटर का काम अब पूरा किया जा रहा है। यह एयरपोर्ट से जुड़ने वाली एक और महत्वपूर्ण सड़क होगी।

यह भी पढ़ें- ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कामयाबी, मुंबई और ग्रेटर नोए़डा में 9.40 करोड़ का माल जब्त; दो विदेशी महिलाओं समेत तीन गिरफ्तार