विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा में पर्थला और FNG पर खत्म होगा जाम, 80 करोड़ से बनेगा 6 लेन का अंडरपास; 7 दिन में आएगी DPR

Published: Tue, 13 Oct 2026 06:46 PM (IST)

नोएडा के पर्थला चौक पर एफएनजी और विकास मार्ग के जाम को खत्म करने के लिए 80 करोड़ की लागत से छह लेन का अंडरपास बनाया जाएगा।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

HighLights

  1. 80 करोड़ की लागत से 6 लेन का अंडरपास बनेगा।

  2. पर्थला चौक पर FNG और विकास मार्ग का जाम खत्म होगा।

  3. अंडरपास की डीपीआर 7 दिन में, 18 माह में निर्माण पूरा।

जागरण संवाददाता, नोएडा। एफएनजी और पर्थला पर लगने वाले जाम को खत्म करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। सिग्नेचर ब्रिज के नीचे प्रस्तावित अंडरपास की सात दिन में डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) आएगी। रिपोर्ट को बोर्ड में रखा जाएगा।

यहां इस रिपोर्ट को मंजूरी के साथ टेंडर की प्रक्रिया आगे बढाई जाएगी। अंडरपास को 80 करोड़ रुपए की लागत से छह लेन का बनाया जाएगा। इसका डिजाइन प्राधिकरण जारी कर चुका है। दिल्ली आईआईटी डिजाइन की जांच कर रही है। इससे अंडरपास निर्माण में आने वाली कुल लागत की जानकारी मिलेगी।

फरीदाबाद जाने वाले रास्ते की कनेक्टिविटी भी बढ़ेगी

पर्थला चौक एफएनजी कॉरिडोर और विकास मार्ग का प्रमुख चौराहा है। यहां से गाजियाबाद, एनएच-9, मेरठ एक्सप्रेसवे, नोएडा और ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के लिए यातायात जुड़ता है। भविष्य में फरीदाबाद की ओर जाने वाले रास्ते से भी कनेक्टिविटी बढ़ेगी।

प्रस्तावित अंडरपास की कुल लंबाई करीब 710 मीटर होगी। इसमें 110 मीटर लंबा आरसीसी बाक्स, 20 मीटर का खुला हिस्सा और दोनों तरफ 280-280 मीटर लंबे पहुंच मार्ग बनाए जाएंगे। बारिश के दौरान जलभराव से बचाने के लिए दो संप और पंपिंग व्यवस्था भी की जाएगी।

18 महीने में पूरा होगा निर्माण

18 माह में इसका निर्माण पूरा किया जाएगा। प्राधिकरण के महाप्रबंधक सिविल एके अरोड़ा ने बताया अंडरपास बनाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। यहां लगने वाले जाम को जल्द खत्म करने की योजना पर कार्य हो रहा है।