नहीं मिली आपत्ति, शासन को भेजा जाएगा प्रस्ताव
जागरण संवाददाता ग्रेटर नोएडा ग्राम पंचायतों का परिसीमन कर अनंतिम सूची के प्रकाशन के बाद
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : ग्राम पंचायतों का परिसीमन कर अनंतिम सूची के प्रकाशन के बाद जिला प्रशासन को एक भी ग्राम पंचायत से आपत्ति नहीं मिली है। जिला प्रशासन ने विकास खंडवार सूची चस्पा करने के बाद दो दिसंबर तक आपत्ति मांगी थी। प्रशासनिक अधिकारियों का दावा है कि अनंतिम सूची पर किसी भी ग्राम पंचायत से एक भी व्यक्ति ने आपत्ति नहीं जताई है। ऐसे में अब प्रशासन शासन को प्रस्ताव भेजने की योजना बना रहा है। बता दें कि ग्राम पंचायतों का परिसीमन को लेकर जिले में शासन से निर्धारित समय सारिणी के अनुसार ग्राम पंचायतों के पुनर्गठन की प्रक्रिया चल रही है। जिस पर प्रार्थना पत्र नौ नवंबर से 20 नवंबर तक प्राप्त किए गए थे। इसके बाद जिला प्रशासन ने 21 नवंबर से 25 नवंबर तक प्रस्ताव तैयार कर विकास खंडवार अनंतिम सूची का प्रकाशन कर दिया था। जिस पर दो दिसंबर तक आपत्ति स्वीकृत करने की समय सीमा शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने निर्धारित की थी। आपत्तियां आने पर जिला प्रशासन को आपत्तियों का निस्तारण छह दिसंबर तक करना था, लेकिन जिला प्रशासन को एक भी ग्राम पंचायत से कोई आपत्ति नहीं मिली है। जिला प्रशासन अब शासन को प्रस्ताव भेजने की तैयारी में जुट गया है। प्रशासनिक अधिकारियों की माने तो छह दिसंबर से पहले ही शासन को प्रस्ताव भेज दिया जाएगा। शासन सात से 13 दिसंबर तक अधिसूचना जारी करेगा। जिसके बाद 14 से 18 दिसंबर तक सरकारी गजट का प्रकाशन किया जाना प्रस्तावित है। बता दें कि जिले में 88 ग्राम पंचायत शेष हैं। दनकौर विकास खंड की समाप्ति के बाद दादरी ब्लाक में 30, जेवर में 34 व बिसरख ब्लाक में 24 ग्राम पंचायतें हो गई है। -ग्राम पंचायतों का परिसीमन कर अनंतिम सूची का प्रकाशन पंचायती राज विभाग ने तीनों ब्लाक के सूचना बोर्ड पर चस्पा कर लोगों से आपत्ति मांगी थी। परिसीमन पर आपत्तियां दाखिल करने के लिए दो दिसंबर तक की समय सीमा निर्धारित की गई थी। लेकिन देय समय में एक भी आपत्ति दर्ज नहीं हुई है। शासन को प्रस्ताव भेजा जा रहा है।
-कुंवर सिंह यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी