बिल को लेकर भिड़े नाइजीरियाई और रेस्टोरेंट कर्मचारी
जासं, ग्रेटर नोएडा : नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित अंसल प्लाजा मॉल में शनिवार देर शाम एक नाईजीरिया
जासं, ग्रेटर नोएडा : नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित अंसल प्लाजा मॉल में शनिवार देर शाम एक नाईजीरियाई मूल के छात्र एंथोनी से कुछ लोगों ने जमकर मारपीट की। बताया जा रहा है कि एंथोनी का अंसल प्लाजा मॉल में रेस्टोरेंट संचालक से बिल को लेकर विवाद हुआ था, तभी वहां मौजूद कुछ लोगों ने एंथोनी की पिटाई कर दी। वहां मौजूद अफ्रीकी लड़कियों के शोर मचाने पर आरोपित भाग गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
सीओ अमित किशोर ने बताया कि नाईजीरियाई मूल का छात्र अपने दो दोस्तों के साथ शनिवार शाम अंसल प्लाजा घूमने गया था। इस दौरान एक रेस्टोरेंट में खाने के बिल को लेकर उनका रेस्टोरेंट संचालक से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष भिड़ गए। शोर शराबा सुनकर कुछ लोग मौके पर एकत्रित हुए और रेस्टोरेंट संचालक के पक्ष में आकर एंथोनी से जमकर मारपीट करने लगे। पुलिस को देख आरोपित मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मॉल के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की, जिसमें आरोपित एंथोनी को पीटते दिख रहे हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।