केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने किया दुनिया के सबसे बड़े प्लास्टिक वेस्ट चरखा का उद्घाटन Noida News
महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर 1650 किलो ग्राम प्लास्टिक वेस्ट से चरखा नोएडा के सेक्टर 94 में बनवाया गया है। इसका उद्घाटन केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने किया।
नोएडा, जेएनएन। महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर नोएडा प्राधिकरण की तरफ से बनवाए गए प्लास्टिक वेस्ट का चरखा का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने किया। इस मौके पर गौतमबुध नगर के सांसद महेश शर्मा और नोएडा के विधायक पंकज सिंह भी मौजूद रहे। 1650 किलो ग्राम प्लास्टिक वेस्ट चरखा नोएडा के सेक्टर 94 में बनवाया गया है।
प्लास्टिक वेस्ट का चरखा के उद्घाटन के मौके पर नोएडा प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी समेत जिले केकई अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
दुनिया का सबसे बड़ा प्लास्टिक वेस्ट चरखा होने का दावा
दरअसल, नोएडा प्राधिकरण ने महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर 1650 किलोग्राम प्लास्टिक वेस्ट का एक चरखा तैयार किया गया है। इसकी चर्चा नोएडा से लंदन तक शुरू हो गई है, क्योंकि प्राधिकरण ने इसे दुनिया का सबसे बड़ा प्लास्टिक वेस्ट चरखा होने का दावा किया है।
इसके लिए नोएडा अथॉरिटी ने इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड, एशिया बुक ऑफ रिकार्ड, गिनीज बुक ऑफ रिकार्ड में आवेदन किया है। अगर प्राधिकरण का दावा सही पाया गया तो तत्काल इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड से इस कलाकृति को नवाजा जाएगा। इसका सर्टिफिकेट नोएडा प्राधिकरण को दिया जाएगा। इसी रिपोर्ट के आधार पर एशिया व गिनीज बुक में नोएडा प्राधिकरण की दावेदारी को आंका जाएगा।
ये है चरखे की खासियत
बता दें कि नोएडा में जब्त की गई 1250 किलोग्राम पॉलीथिन को गाजियाबाद के कलाकार सफराज अली व साक्षी झा को सौंपा गया, जिन्होंने 20 दिन में एकरैलिक के जरिए चरखा तैयार किया। इसमें प्लास्टिक के चम्मच, कोल्ड ड्रिंक पीने की स्ट्रा का प्रयोग किया गया है। इसकी ऊंचाई 14 फिट, लंबाई 20 फिट, चौड़ाई 8 फिट है। इस जगह पर ट्रैफिक आइलैंड भी बनाया गया है। इस चरखे की खासियत यह है कि यह पूरी तरह से मूव करता है। चरखे को घुमाने पर सूत कातने तक की हर गतिविधि इसमें होती है।