विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 31, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पार्टी पूरी रात... मुश्किल है, नोएडा-ग्रेटर नोएडा में 2 दिनों के लिए धारा-163 लागू, भीड़ और लाउडस्पीकर पर रहेगी सख्ती

Published: Tue, 31 Dec 2024 07:43 AM (IST)Updated: Tue, 31 Dec 2024 08:03 AM (IST)

नए साल पर नोएडा पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिले को तीन सुपर जोन 10 जोन ...और पढ़ें

नोएडा पुलिस की फाइल फोटो। सौ.- @Noidapolice
नोएडा पुलिस की फाइल फोटो। सौ.- @Noidapolice

HighLights

  1. तीन सुपर जोन, 10 जोन, 27 सेक्टर व 119 सब सेक्टर में बांटा जिला
  2. नव वर्ष को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था के रहेंगे पुख्ता इंतजाम
  3. शहर के भीड़भाड़ वाले, मॉल व अन्य स्थानों पर तैनात रहेगी पुलिस

जागरण संवाददाता, नोएडा। नए साल पर गौतमबुद्ध नगर जिले में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरे जिले को तीन सुपर जोन, 10 जोन, 27 सेक्टर व 119 सब सेक्टर में बांटा गया है। भीड़भाड़, मॉल व अन्य स्थानों पर सामान्य पुलिस के अलावा, पीएसी और स्पेशल टीम तैनात रहेगी।

नोएडा, ग्रेटर नोएडा में धारा-163 लागू

नव वर्ष की पूर्व संध्या व विभिन्न संगठनों के धरना प्रदर्शन को देखते हुए एक जनवरी तक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा-163 लागू रहेगी। पुलिस मीडिया सेल की तरफ से कहा गया है कि पूर्व अनुमति के बिना पांच या उससे अधिक व्यक्तियों का किसी भी सार्वजनिक स्थल पर एकत्र होना या जुलूस निकालना प्रतिबंधित है।

सरकारी दफ्तरों के ऊपर व आसपास एक किलोमीटर की परिधि में ड्रोन से शूटिंग करना भी प्रतिबंधित रहेगा। रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्र लाउडस्पीकर आदि बंद रहेंगे। गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि नववर्ष की संध्या से लेकर नए साल पर सभी भीड़भाड़ वाले स्थान जैसे मॉल व बाजारों को चिह्नित किया गया है।

तीनों जोन में आठ डीसीपी, पांच एडीसीपी, 15 एसीपी, 75 निरीक्षक, 750 उपनिरीक्षक, 117 महिला उपनिरीक्षक, 1470 मुख्य आरक्षी व आरक्षी, 473 महिला आरक्षी पुलिसकर्मियों की दिन और रात्रि में ड्यूटी लगाई गयी है। सभी पुलिसकर्मियों की तीनों जोन के डीसीपी उपलब्ध पुलिस बल की आडिटिंग करेंगे। सात कंपनी पीएसी दंगा निरोधक उपकरणों से लैस होकर तैनात रहेगी।

ये भी पढ़ें-

नोएडा में नए साल पर बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था, एक दर्जन से ज्यादा मॉल और मार्केट के पास रहेगा डायवर्जन

यह रहेगी व्यवस्था

  • डॉग स्क्वायड व बीडीएसएस टीम लगातार भ्रमणशील रहते हुए सभी मॉल व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग करेंगी। विभिन्न चौराहों पर बैरियर लगाकर भी चेकिंग की जाएगी।
  • ड्रोन सर्विलांस की विभिन्न टीमों को नियुक्त कर चप्पे-चप्पे पर निगरानी होगी। पीआरवी, पीसीआर वाहन लगातार भ्रमणशील रहेंगे।
  • पिनाक कमांडो, पीएससी व क्यूआरटी की टीम विभिन्न लोकेशन पर रिर्जव रहेंगी।
  • 115 प्वाइंट पर जिग-जैग बैरियर, 30 स्थानों पर ब्रेथ एनालाईजर व स्पीडोमीटर के द्वारा चेकिंग कर दुर्घटनाओं को रोकने का प्रयास रहेगा।
  • पुलिस के अलावा दुकानदार, संस्थान व मॉल स्टाफ सीसीटीवी से निगरानी कर चौकन्ने रहेंगे। भीड़ व यातायात सहयोग में मदद करेंगे।
  • पुलिस प्रशासनिक अनुमति के बाद ही थाना व चौकी क्षेत्र में कार्यक्रम होंगे।
  • महत्वपूर्ण स्थानों पर रिजर्व प्रीपेड टैक्सी, एंबुलेंस व फायर टेंडर की व्यवस्था रहेगी।

जश्न की तैयारियों में जुटे आयोजक

ग्रेटर नोएडा शहर में नए साल के जश्न की तैयारियां जोरों पर है। शहर के सेक्टर व सोसायटियों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिसकी तैयारियों में आयोजक पिछले कई दिनों से जुटे हुए हैं।

पुलिस ने चलाया सर्च अभियान

सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन भी चौकन्ना हो गया है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने भीड़भाड़ वाले स्थानों, मॉल व अन्य स्थानों पर जांच करने के निर्देश के बाद पुलिस प्रशासन की टीम जांच करती दिखी।

बीटा दो सेक्टर स्थित कनॉट पैलेस, अंसल, ग्रांड वेनिस समेत नामचीन हाेटलों में पहुंचकर जांच की। शहर के ज्यादातर होटल, रेस्टोरेंट, बैंक्वेट हाल में लोगों ने परिवार व दोस्तों के साथ जश्न मनाने के लिए पहले ही बुकिंग कर ली है। वहीं ज्यादातर लाेगों ने जश्न का माहौल अपने घरों में ही परिवार के साथ मनाने का फैसला किया है।